हरिद्वार : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ मेले के दौरान शिवभक्तों का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने होटल अलकनंदा में आयोजित स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन किया और हेलीकॉप्टर के माध्यम से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान उन्होंने विपक्ष के सनातन पर किए जा रहे हमले पर प्रतिक्रिया दी। खासकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के साधु भेष धरने को उन्होंने सनातन विरोधी बताया। कटाक्ष करते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ पप्पू गैंग को सद्बुद्धि दें।
शिवभक्तों का सम्मान और स्वास्थ्य सेवाएं
इस दौरान सीएम धामी ने शिवभक्तों का चरण वंदन कर उन्हें भगवा पटका पहनाकर सम्मानित किया, साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ियों में भगवान शिव का स्वरूप बसता है और उनकी सेवा करना हमारे लिए बड़े सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि अब तक इन स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 48 हजार से अधिक शिवभक्तों का उपचार किया जा चुका है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना समाजवादी पार्टी का शौक और शगल, यूपी विधानसभा में हंगामे पर बोले सीएम योगी
मेले के दौरान खाने-पीने की चीजों में मिलावट रोकने के लिए लगातार चेकिंग की जा रही है और सुरक्षा के मद्देनजर वाटर एम्बुलेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं भी शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कुछ अनुशासनहीन घटनाओं का जिक्र करते हुए सभी शिवभक्तों से नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। साथ ही उन्होंने विनम्रता से कहा कि यदि व्यवस्थाओं में कहीं कोई छोटी-मोटी कमी रह गई हो, तो हम उसके लिए शिवभक्तों से क्षमा प्रार्थी हैं।
विपक्ष पर तीखा हमला
इस दौरान सीएम धामी ने विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि संसद में संतों और सनातन परंपरा को बदनाम करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने विपक्ष की सोच को सनातन विरोधी बताते हुए कहा कि वे हमेशा आस्था के मार्ग में बाधा डालने का काम करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे मां गंगा से प्रार्थना करते हैं कि भगवान ऐसे लोगों को सद्बुद्धि प्रदान करें।
