शहर

पंजाब के अधिकारों से लेकर नशा-मुक्त अभियान तक, सीएम मान ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

गणतंत्र दिवस के अवसर पर होशियारपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब के संवैधानिक अधिकारों को लेकर केंद्र पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पंजाब को उसकी राजधानी और अलग हाई कोर्ट से गैर-कानूनी तरीके से वंचित रखा गया है। साथ ही उन्होंने नशा विरोधी अभियान, रोजगार, स्वास्थ्य, निवेश और सड़क सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को भी सामने रखा।

Image

गणतंत्र दिवस के मौके पर भाषण देते सीएम

Photo : Times Now Digital

गणतंत्र दिवस के अवसर पर होशियारपुर में राष्ट्रीय तिरंगा फहराते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य के संवैधानिक अधिकारों को लेकर केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से ही पंजाब को उसकी राजधानी और अलग हाई कोर्ट से गैर-कानूनी तरीके से वंचित रखा गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चंडीगढ़ पंजाब का अभिन्न हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा।

“देश के छोटे राज्यों के पास भी हाई कोर्ट, पंजाब आज भी वंचित”

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के कई छोटे राज्यों के पास अपनी हाई कोर्ट है, लेकिन पंजाब को आज भी इससे वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में मामलों की भारी संख्या के कारण आम नागरिकों को न्याय के लिए वर्षों तक इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब अपने अधिकारों के लिए कानूनी और संवैधानिक लड़ाई हर स्तर पर जारी रखेगा।

पंजाब की कुर्बानियों और योगदान को किया याद

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारत की आजादी और संविधान की रक्षा में पंजाबियों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश के लिए सबसे अधिक कुर्बानियां पंजाबियों ने दी हैं। किसान और सैनिकों के योगदान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन्हीं की वजह से पंजाब को देश का अन्नदाता और खड़गभुजा कहा जाता है।

धार्मिक विरासत और ऐतिहासिक आयोजनों की घोषणा

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस पूरे राज्य में ऐतिहासिक रूप से मनाया गया। साथ ही श्री अमृतसर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब और तलवंडी साबो को पवित्र शहर घोषित किया गया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व 1 से 20 फरवरी 2027 तक राज्य स्तरीय कार्यक्रमों के जरिए मनाया जाएगा।

नशा, गैंगस्टर और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख

शासन की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’, ‘गैंगस्टरों पर वार’ और नारको-ड्रोन के खिलाफ कार्रवाई से पंजाब दोबारा पटरी पर लौट रहा है। उन्होंने बताया कि 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, 63 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां बिना रिश्वत और रिकॉर्ड निवेश पंजाब के बदले हुए हालात की गवाही देते हैं।

मनरेगा बदलावों पर चिंता, संघर्ष जारी रहेगा

मुख्यमंत्री ने मनरेगा में केंद्र सरकार द्वारा किए गए बदलावों पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे अनुसूचित जाति वर्ग और बेजमीन परिवारों को नुकसान होगा। उन्होंने दोहराया कि पंजाब अपने अधिकारों की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर संघर्ष करता रहेगा। इसके अलावा गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया, स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। साथ ही उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article