Chhattisgarh Accident: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक यहां एक कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई, जिससे उस पर सवार चार युवकों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि, जिले के पंडरिया इलाके में पांडातराई के करीब गड़ाई गांव स्थित एक छोटे पुल से तेज गति से जा रही कार अनियंत्रित होकर नीचे गई। इस घटना में अरमान अली (20), मोहम्मद सैफ (19), अनस अली (21) और कौनैन (19) की मौत हो गई तथा दो अन्य जुनेद रजा (21) और आरजू खान (19) घायल हो गए हैं।
कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिरी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को मिली सूचना के अनुसार, रायपुर के बिरगांव निवासी युवक एक कार में सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने के लिए पंडरिया के लिए रवाना हुए थे। ऐसे में रविवार देर रात जब वह गड़ाई गांव स्थित एक छोटे पुल के करीब पहुंचे तब उसकी कार अनियंत्रित होकर पुल से लगभग 50 फुट नीचे गिर गई।
चार युवकों की मौत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में चार युवकों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि घायल युवकों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर घटना की हर पहलू से जांच जारी है।
