Ambedkar Nagar Road Accident: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में सड़क हादसे में घायल हुए लोगों की मदद के लिए जुटी भीड़ को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया जिससे आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर भुआ गांव के पास की है।
तेज रफ्तार कार ने भीड़ को कुचला
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्व) तेजवीर सिंह ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में दो लोग घायल हो गए थे जिनकी मदद के लिए स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए थे तभी एक तेज रफ्तार कार ने भीड़ को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों को जिला अस्पताल और बाद में टांडा के एक अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
कार चालक की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कैफी (32), उत्तम कुमार (24), आदित्य कुमार (25), लालचंद (24), राजू गुप्ता (32) और छोटू के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश जारी है। उसने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
जालौन में 6 लोगों की मौत
जालौन जिले के कालपी क्षेत्र में सोमवार को ही राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर हुए एक अन्य सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार कार एक खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे छह लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना उस वक्त हुई जब कानपुर की ओर से आ रही कार ने कंट्रोल खो दिया और सड़क के किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। सभी पीड़ित ललितपुर जिले के महरौनी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। चार घायलों को उरई के मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है। फिलहाल पीड़ितों की पहचान की जा रही है।
