शहर

छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए बिछा 'रेड कारपेट'; हैदराबाद में साय सरकार को मिले 9,580 करोड़ रुपये के प्रस्ताव

हैदराबाद में आयोजित 'छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट 2026' में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में 7 बड़ी कंपनियों ने 9,580 करोड़ के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। इससे राज्य में डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और टेक्सटाइल के क्षेत्र में 7,800 से अधिक नए रोजगार पैदा होंगे।

Image

टेक्सटाइल से लेकर सीमेंट क्षेत्र की 7 बड़ी कंपनियां करेंगी निवेश

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने देश के बड़े औद्योगिक घरानों और निवेशकों को आकर्षित करने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की है। हैदराबाद में आयोजित हाई-प्रोफाइल ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में विभिन्न सेक्टर्स की 7 दिग्गज कंपनियों ने राज्य में कुल 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों (MoUs) पर मुहर लगाई है। इस मेगा निवेश से छत्तीसगढ़ में 7,800 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। देश के नामचीन उद्योगपतियों को आमंत्रित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज 'विकसित भारत' के नए ग्रोथ इंजन के रूप में तेजी से उभर रहा है और यहां नए उद्योगों के स्वागत के लिए 'रेड कारपेट' बिछा हुआ है।

डेटा सेंटर, सीमेंट और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में सबसे बड़े दांव

हैदराबाद के इस मंच से छत्तीसगढ़ को आईटी, फार्मा, रिन्यूएबल एनर्जी और टेक्सटाइल जैसे भविष्य के उद्योगों में बड़े निवेश मिले हैं। 'हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड' ने छत्तीसगढ़ में भारत का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए 4,200 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे राज्य डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का हब बनेगा। साथ ही 'फीग्रेड एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड' ने सीमेंट उत्पादन क्षेत्र में 2,912 करोड़ का बड़ा निवेश प्रस्तावित किया है, जिससे अकेले इस प्रोजेक्ट से करीब 4,000 लोगों को काम मिलेगा। इसके अलावा 'निवाई लैब्स प्राइवेट लिमिटेड' ने 1,000 करोड़ की लागत से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), जीपीयू इंफ्रास्ट्रक्चर, एडवांस कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर असेंबली यूनिट लगाने का प्रस्ताव दिया है।

रोजगार देने में टेक्सटाइल और सोलर एनर्जी भी आगे

हैदराबाद कनेक्ट के दौरान मुख्यमंत्री साय ने उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन की उपस्थिति में कंपनियों को 'इन्विटेशन टू इन्वेस्ट' (ऑफर लेटर) सौंपे। अन्य प्रमुख प्रस्तावों में श्री सरवणा मिल्स प्राइवेट लिमिटेड ₹528 करोड़ के निवेश से अत्याधुनिक टेक्सटाइल और गारमेंट यूनिट लगाएगी, जिससे 2,500 महिलाओं और युवाओं को रोजगार मिलेगा। एसजी मार्ट लिमिटेड सोलर एनर्जी इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग में ₹700 करोड़ का निवेश करेगी। काब्रा ड्रग्स (फार्मा) 200 करोड़ और दिनशॉज डेयरी फूड्स 40 करोड़ का निवेश कर क्रमशः 250 और 150 नए रोजगार तैयार करेंगे।

लॉजिस्टिक्स हब के रूप में छत्तीसगढ़ पहली पसंद

निवेशकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नई औद्योगिक नीति आने के बाद दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु से लेकर जापान और दक्षिण कोरिया तक हुए आयोजनों से राज्य को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं।

गूगल, आईबीएम और पॉलिकैब जैसी कंपनियों से भी हुई चर्चा

हैदराबाद दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने कई ग्लोबल टेक और मैन्युफैक्चरिंग दिग्गजों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इनमें गूगल इंडिया, IBM, पॉलीकैब इंडिया, पेज इंडस्ट्रीज और डेल्टा इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। राज्य की सिंगल विंडो क्लियरेंस प्रणाली और उद्योग अनुकूल नीतियों को देखकर इन कंपनियों ने भी छत्तीसगढ़ में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और उन्नत मेनुफेक्चरिंग इकाइयों के विस्तार में गहरी रुचि दिखाई है।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article