शहर

Char Dham Yatra Weather Update: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव, चारधाम यात्रा मार्ग पर बारिश और बर्फबारी की संभावना

Char Dham Yatra Weather Update (चार धाम यात्रा मौसम का अपडेट): उत्तराखंड में इन दिनों चारधाम यात्रा चल रही है। इस बीच एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। यात्रियों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Image

चारधाम यात्रा मार्ग पर बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

Char Dham Yatra Weather Update (चार धाम यात्रा मौसम का अपडेट): उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में इन दिनों वार्षिक चारधाम यात्रा चल रही है। इस बीच मौसम का मिजाज लगभग हर साल तीर्थयात्रियों के लिए चुनौती बनता है और इस बार भी ऐसे ही हालात हैं। उत्तराखंड में आज यानी शुक्रवार 24 अप्रैल को मौसम में बड़े बदलाव के संकेत हैं। बदलते मौसम की चलते यात्रा मार्गों और चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की आशंका है। भारत मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले एक हफ्ते तक उत्तराखंड में मौसम अस्थिर बना रहेगा।

चारधाम यात्रा वाले जिलों में बर्फबारी की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है, जिसका असर उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में काफी ज्यादा देखने को मिलेगा। विशेषतौर पर गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ यात्रा से जुड़े जिलों, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली के साथ ही बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर दिखेगा। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ ही बारिश, तेज हवाएं और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री यानी चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों और यहां रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

चारधाम यात्रा भूस्खलन का खतरा

जानकारों का मानना है कि खराब मौसम के चलते यात्रा मार्गों पर फिसलन, भूस्खलन और ट्रैफिक बाधित होने का खतरा भी बढ़ सकता है। विशेषतौर पर 4 हजार मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों बर्फबारी से तापमान में काफी गिरावट आ सकती है, जिससे वहां ठंड बढ़ेगी और ट्रैकिंग मार्गों पर चलना भी मुश्किल हो सकता है।

मैदानी जिलों में गर्मी का प्रकोप

चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि अचानक मौसम में काफी बदलाव होगा। क्योंकि देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में गर्मी का प्रकोप जारी है। इन जिलों में तापमान सामान्य से लगातार ऊपर बना हुआ है और आगे भी तापमान ज्यादा रहने की संभावना है। कई इलाकों में लू जैसे हालात भी बन सकते हैं। चारधाम यात्रा के शुरुआती पड़ावों पर यात्रियों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है, जबकि चारधाम यात्रा के अपने पड़ावों पर भीषण ठंड झेलने पड़ सकती है।

चारधाम यात्रा में 28 अप्रैल तक बारिश और तेज हवाएं

मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी शनिवार 25 अप्रैल से 28 अप्रैल तक पहाड़ी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाएं भी चलती रहेंगी। मौसम में इस बदलाव के चलते यात्रा कार्यक्रम प्रभावित हो सकता है। प्रशासन ने भी यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी जुटा लें और जरूरी सावधानी बरतें।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article