शहर

Char Dham Yatra Weather Update (27 Apr-1 May): बारिश, बर्फबारी की चेतावनी; रेनकोट और गर्म कपड़े लेकर चलें श्रद्धालु

Char Dham Yatra Weather Update (चार धाम यात्रा मौसम का अपडेट 27 अप्रैल से 1 मई): उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के बीच पहाड़ी जिलों में बारिश-बर्फबारी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। तीर्थ यात्री सावधानी बरतें।

Image

चारधाम यात्रा मार्ग के मौसम का अपडेट

Char Dham Yatra Weather Update (चार धाम यात्रा मौसम का अपडेट 27 अप्रैल से 1 मई): उत्तराखंड में इन दिनों वार्षिक चारधाम यात्रा चल रही है। हजारों-लाखों की संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में दर्शनों के लिए आ रहे हैं। अभी चारधाम यात्रा को शुरू हुए कुछ ही दिन हुए हैं और लाखों श्रद्धालु यात्रा कर रहे हैं, बल्कि सवा लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने Kedarnath Yatra कर धाम में दर्शन भी कर लिए हैं। चारधाम यात्रा मार्ग में मौसम बड़ी बाधा बनता है। एक बार फिर मौसम ने उत्तराखंड के इन ऊंचे पहाड़ी इलाकों में करवट लेनी शुरू कर दी है। चलिए जानते हैं चारधाम यात्रा के मौसम का लेटेस्ट अपडेट-

एक तरफ उत्तराखंड के मैदानी इलाकों जैसे देहरादून, हरिद्वार, काशीपुर, हल्दवानी, रुड़की और कोटद्वार में लोग गर्मी से परेशान हैं, तो दूसरी तरफ पहाड़ी इलाकों में मौसम अब भी सुहावना बना हुआ है। रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जैसे पहाड़ी जिलों और इलाकों में बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है। यह बदलता मौसम चारधाम यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं के लिए काफी अहम साबित हो सकता है।

बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के देहरादून केंद्र के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों तक मैदानी इलाकों के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। जबकि मंगलवार 28 अप्रैल से मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी के साथ-साथ पौड़ी और देहरादून में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यही नहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

आसमान में बादलों का डेरा

राजधानी देहरादून में आज यानी रविवार 26 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की भी संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।

चारधाम यात्रा पर गर्म कपड़े, रेनकोट लेकर आएं

चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ावों केदारनाथ और बदरीनाथ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कल यानी सोमवार 27 अप्रैल के बाद हल्की बर्फबारी के आसार हैं। हल्की बारिश के चलते ऊंचे पहाड़ी इलाकों के तापमान में गिरावट आएगी और यात्रा मार्ग पर ठंड बढ़ सकती है। इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे गर्म कपड़े, रेनकोट और जरूरी सामान साथ लेकर चलें।

पहाड़ों में ओले गिरने का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार 28 से गुरुवार 30 अप्रैल के बीच ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना है। खास तौर पर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और आसपास के इलाकों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिलेगा।

बुधवार को बर्फबारी की संभावना

बुधवार 29 और गुरुवार 30 अप्रैल को बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ तेज बारिश और हवाएं चलने का भी अनुमान है। इससे भूस्खलन और यात्रा मार्ग बाधित होने का खतरा भी बढ़ सकता है, जो चारधाम यात्रियों के लिए चुनौती बन सकता है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की सक्रियता के चलते यह बदलाव हो रहा है। शुक्रवार 1 मई तक पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं बारिश से गर्मी से राहत मिल सकती है। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा वाले जिलों में प्रशासन और मौसम विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले मौसम अपडेट जरूर देखें और सतर्कता बरतें, ताकि आपकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article