शहर

Char Dham Yatra: 24 घंटे के लिए चार धाम यात्रा स्थगित, जानें क्यों लिया गया फैसला

उत्तराखंड में भारी बारिश के अलर्ट के बीच चार धाम यात्रा को अगले 24 घंटों के लिए स्थगित कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में तीर्थयात्रियों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

Image

Char Dham Yatra: 24 घंटे के लिए चार धाम यात्रा स्थगित, जानें क्यों लिया गया फैसला

देहरादून : पहाड़ों में मौसमी गतिविधियां तेज होने से जनजीवन पर बुरा असर पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन तक भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। खासकर, उत्तराखंड के पहाड़ी और कुछ मैदानी इलाकों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लिहाजा, चार धाम यात्रा को अगले 24 घंटों के लिए स्थगित कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में तीर्थयात्रियों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग की ओर से अगले 24 घंटे में अत्यधिक वर्षा की बात कही जा रही है। इस दौरान खराब मौसम यानी आकाशीय बिजली गिरने और लैंडस्लाइड के खतरे का अनुमान है। लिहाजा, लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है। ऐसे स्थिति को देखते हुए चार धाम यात्रा को रोकने का फैसला किया गया है।

उत्तरकाशी में बादल फटे

उत्तरकाशी के बड़कोट-यमुनोत्री मार्ग पर सिलाई बैंड में बादल फटने से निर्माणाधीन होटल साइट क्षतिग्रस्त होने के बाद वहां रह रहे 8-9 मजदूर लापता हो गए। यमुनोत्री मार्ग भी प्रभावित हुआ है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी सिलाई बैण्ड के पास दो से तीन स्थानों पर बाधित हो गया है, जिसकी जानकारी एनएच बड़कोट को दे दी गई है। इसके अलावा, कुथनौर क्षेत्र में भी बादल फटने और भारी वर्षा के कारण स्थानीय ग्रामीणों की कृषि भूमि को नुकसान पहुँचा है, हालांकि वर्तमान में वहां की स्थिति सामान्य बताई गई है और किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की कोई खबर नहीं है।

वहीं, रुद्रप्रयाग जिले में देर रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। बद्रीनाथ हाईवे पर सिरोबगड़ के पास पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण मार्ग बंद हो गया है। इसके चलते तीर्थयात्रियों को वैकल्पिक मार्ग डूंगरीपंत-छांतीखाल-खांखरा के रास्ते से गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखते हुए राहत और सुरक्षा के उपाय शुरू कर दिए हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article