चण्डीगढ़

पंजाब में ड्रग्स तस्करों के खिलाफ राज्यभर में शुरू हुआ अभियान, 750 जगहों पर पुलिस ने मारे रेड

पंजाब में चार घंटे के लंबे अभियान के दौरान 8.14 किलोग्राम हेरोइन, 1.21 किलोग्राम अफीम, 3.5 किलोग्राम गांजा, 19 किलोग्राम चूरा पोस्त की भूसी, नशे की 16,238 गोलियां, इंजेक्शन और 8.02 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

Image

पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान

Photo : ANI

पंजाब पुलिस ने नशे के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान शुरू करते हुए 750 स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नशे की समस्या पर कैबिनेट उप-समिति की शनिवार को पहली बैठक हुई। उन्होंने बताया कि नशा रोधी अभियान के तहत चलाए जा रहे अभियान में करीब 12,000 पुलिसकर्मी शामिल हैं।

सीएम ने तय की है डेडलाइन

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान नेराज्य को नशामुक्त बनाने के लिए शुक्रवार को तीन महीने की समयसीमा तय की। राज्य सरकार द्वारा नशे की समस्या के खिलाफ नए सिरे से शुरू किए गए अभियान के तहत मादक पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और कुछ स्थानों पर उनकी संपत्तियों को भी ध्वस्त किया गया है। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने शनिवार को सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे राजनीति करने के बजाय पंजाब को बचाने के लिए राज्य सरकार के नशा रोधी अभियान को अपना समर्थन दें। कैबिनेट उप समिति की बैठक में मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा और पुलिस महानिदेशक गौरव यादव भी उपस्थित थे।

छापे में क्या-क्या मिला

बैठक में यादव ने कहा कि चार घंटे के लंबे अभियान के दौरान 8.14 किलोग्राम हेरोइन, 1.21 किलोग्राम अफीम, 3.5 किलोग्राम गांजा, 19 किलोग्राम चूरा पोस्त की भूसी, नशे की 16,238 गोलियां, इंजेक्शन और 8.02 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस प्रमुख ने कहा कि पुलिस ने एक व्यापक रणनीति तैयार की है और इस तरह का अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कि राज्य से नशे का संकट समाप्त नहीं हो जाता।

‘नशे के खिलाफ युद्ध’

इससे पहले दिन में बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री तथा कैबिनेट उप-समिति के प्रमुख हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि ‘नशे के खिलाफ युद्ध’ अभियान की पहली बैठक मादक पदार्थ बेचने वालों और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आयोजित की गई।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article