हरियाणा में पेपर लीक माफिया पर बीजेपी सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। सरकार ने कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी समेत 25 पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही चार स्कूल निरीक्षकों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।
सरकारी स्कूलों के 4 निरीक्षक सस्पेंड
हरियाणा बोर्ड पेपर लीक पर सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा, "...हमने इस मामले को गंभीरता से लिया है। सरकारी स्कूलों के 4 निरीक्षकों और निजी स्कूल के 1 निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सरकारी स्कूलों के सभी चार निरीक्षकों- गोपाल दत्त, शौकत अली, रकीमुद्दीन और प्रीति रानी को निलंबित कर दिया गया है। हमने 2 केंद्र पर्यवेक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की है, संजीव कुमार और सत्यनारायण को भी निलंबित कर दिया गया है। 4 बाहरी लोगों और 8 छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले की जांच चल रही है।
4 डीएसपी समेत 25 पुलिस अधिकारी सस्पेंड
सीएम सैनी ने आगे कहा कि प्रारंभिक जांच में हमने 25 पुलिस अधिकारियों को दोषी पाया है। सभी 25 पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं, जिनमें 4 डीएसपी और 3 एसएचओ शामिल हैं। इस तरह की घटना उनके क्षेत्र में हुई है, सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है क्योंकि हमारी सरकार इसके खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है और हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
