Punjab News: पंजाब पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की टीम ने सीमा पार से तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही तस्करों के पास से चार अत्याधुनिक पिस्टल व कारतूस बरामद किए। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी एक पाकिस्तानी तस्कर के निर्देश पर काम कर रहे थे।
सीमा पार से हथियार तस्करी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी तस्कर पंजाब में सीमा पार से हथियारों की तस्करी की साजिश रच रहा था। अधिकारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट भी किया, जिसमें बताया कि “अमृतसर स्थित राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार से एक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया और जुगराज सिंह उर्फ चिरी, कुलबीर सिंह उर्फ नन्नू उर्फ कालू, अर्शदीप सिंह व नछत्तर सिंह को गिरफ्तार किया। ये सभी तरनतारन के निवासी हैं और उनके पास से 30 बोर की चार अत्याधुनिक पिस्टल व कारतूस बरामद किए गए। ”
अधिकरी ने आगे बताया कि अमृतसर के राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अधिकारी ने बताया कि पूरे गिरोह को बेनकाब करने और उसे ध्वस्त करने के लिए जांच की जा रही है। उन्होंने पोस्ट में बताया, “पंजाब पुलिस, सीमा पार हथियार तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने और पंजाब में अवैध हथियारों व संगठित अपराध के प्रसार पर अंकुश लगाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है।”
(इनपुट - भाषा)
