Chandigarh Police: चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया में एक शराबी ने नशे में धुत होकर ऐसा ताडंव किया कि, उसे काबू करने आए दो पुलिसकर्मियों को अपने बचाव में ही पुलिस बुलानी पड़ गई। शराबी ने पकड़ने की कोशिश कर रहे एएसआई और होमगार्ड पर हमला बोल दिया। आरोपी ने पुलिसकर्मियों को लात-घूसों से मारने के साथ उन पर ईंट-पत्थर भी फेंके, जिसके कारण इन पुलिस कर्मियों को थोड़ी देर बाद खुद की सुरक्षा के लिए ही पुलिस बुलानी पड़ी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची इंडस्ट्रियल थाना पुलिस द्वारा आरोपी को काबू कर लिया गया।
चंडीगढ़ पुलिस को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक होटल के बाहर लड़ाई- झगड़े की जानकारी मिली थी। जिसके बाद एक पीसीआर को घटनास्थल पर भेजा गया। इस पीसीआर में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर गुलजार लाल और एक हामगार्ड तैनात थे। आरोपी शराबी ने इन पुलिसकर्मियों के पहुंचते ही इन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में दोनों पुलिसकर्मियों को चोटे आई। थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने और पुलिस जवानों को चोटिल करने की धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाया
पीसीआर में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर गुलजार लाल ने इंडस्ट्रियल थाना पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि, वे पीसीआर इसीओ-31 पर बतौर इंचार्ज तैनात हैं। उनकी ड्यूटी दोपहर एक बजे से रात 9 बजे तक होती है। उनके साथ होमगार्ड बबन कुमार ड्यूटी पर था। शनिवार रात को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि, होटल नोवटेल के पीछे दो गुटों में झगड़ा हुआ है। जिसके बाद वह होमगार्ड बबन कुमार के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां एक व्यक्ति गाली-गलौच कर रहा था।
जब हमने उसे समझाने की कोशिश की तो उसने हम पर हमला बोल दिया। हम दोनों ने किसी तरह अपना बचाव कर इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पाकर पहुंचे थाना पुलिस से जांच अधिकारी ने आरोपित को काबू कर लिया। इसके बाद उसे जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया गया। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
