Chandigarh: चंडीगढ़ से दिल्ली तक सफर करने में करीब चार से पांच घंटे का समय लग जाता है, वहीं जीटी रोड पर जाम मिल गया तो यह सफर और भी लंबा हो जाता है। अगर आपसे कहा जाए कि इन दोनों शहरों के बीच की दूरी आप दो घंटे में तय कर सकते हैं तो आप इसे मात्र कल्पना कहेंगे, लेकिन यह पूरी तरह सच है। यह घोषणा नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने की है। एनएचएआई का कहना है कि वाहन चालक जल्द ही चंडीगढ़ से दिल्ली एयरपोर्ट से तक मात्र 2 घंटे में पहुंच सकेंगे। दोनों शहरों के बीच की दूरी को कम करने के लिए एक स्पेशल रूट तैयार किया गया है। यह रूट 5 एक्सप्रेस वे होकर गुजरता है। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार इस नए रूट से सफर करने पर दोनों शहरों के बीच की दूरी में महज 20 किलोमीटर ही कम होगी, लेकिन सफर का समय आधा रह जाएगा।
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, यह रूट दिल्ली एयरपोर्ट से शुरू होगा। चंडीगढ़ आने के लिए वाहन चालकों को एयरपोर्ट से द्वारका एक्सप्रेस-वे और शहरी विस्तार रोड से होते हुए करीब 40 किमी केएमपी एक्सप्रेस वे तक पहुंचना होगा। इसके बाद केएमपी पर लगभग 10 किलोमीटर तक चलने के बाद वाहन चालकों को दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस वे आना होगा। इस एक्सप्रेसवे पर करीब 80 किलोमीटर तक चलने के बाद वाहन चालकों को अंबाला से ट्रांस-हरियाणा एक्सप्रेस वे परशिफ्ट होना होगा। यहां से ये सीधे चंडीगढ़ पहुंच सकेंगे।
