Chandigarh: चंडीगढ़ के शताबगढ़ गांव में एक खेत के पास खड़ी कार में युवती की मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हैरान करने वाला खुलासा हुआ है। युवती की मौत शराब की ओवरडोज से हुआ है। पुलिस जांच में पता चला है कि दो आरोपी युवती को लेकर एक होटल में गए थे और वहां पर रातभर युवती को जबरन शराब पिलाई। जब युवती की तबीयत खराब होने लगी तो एक आरोपी मौके से भाग गया और दूसरा आरोपी युवती को उसी के कार में डाल कर खेत के पास ले आया और फरार हो गया।
पुलिस ने मृतका की पहचान डेराबस्सी की रहने वाली निशा राणा के तौर पर की है। बताया जा रहा है कि निशा राणा एमटीवी रोडीज में जा चुकी है। वह रोडीज सीजन-7 की एक्स कंटेस्टेंट रह चुकी है। इस मामले में मृतका की बहन अमिता ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान जालंधर के आदमपुर निवासी अजय और कपूरथला निवासी मानवगीत सिंह के रूप में हुई है।
देर रात तक होटल में चलती रही शराब पार्टी
पुलिस ने इन आरोपितों को शनिवार को डेराबस्सी कोर्ट में पेश की पूछताछ के लिए चार दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 15 नवंबर की रात को निशा ने दोनों से चंडीगढ़ के एक मॉल में मिली। इसके बाद दोनों आरापी निशा की कार में सवार हो गए और तीनों खरड़ सेक्टर-118 में स्थित एक होटल गए। यहां पर तीनों ने पार्टी शुरू की। इस दौरान दोनों ने निशा को जबरन बहुत ज्यादा शराब पिला दी। ओवरडोज की वजह से जब उसकी देर रात मौत हो गई तो एक युवक उसे गाड़ी में डालकर थोड़ी देर तक सड़क पर घूमते रहे और फिर अजय बीच में ही फरार हो गया। इसके बाद मानवगीत सिंह शव लेकर खेतों के बीच पहुंचा और कार को वहीं पर छोड़कर फरार हो गया। जाते हुए मानवगीत सिंह अपने साथ निशा का मोबाइल भी ले गया था, जो अभी तक पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। पुलिस अब दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी और सबूत जुटाएगी। एसएचओ डॉ. धरमिंदर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नशे की ओवरडोज से मौत का खुलासा होने के बाद इसमें हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं।
