चण्डीगढ़

Punjab: होशियारपुर में LPG टैंकर से लगी भीषण आग, चपेट में आया पूरा इलाका; दो की मौत

पंजाब के होशियारपुर के मंडियाला गांव में शुक्रवार देर रात एक एलपीजी टैंकर के हादसे से भीषण आग लग गई। दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

Image

आग की चपेट में आया रिहायशी इलाका (तस्वीर साभार: ANI)

Photo : ANI

Hosiarpur LPG Tanker Fire: पंजाब के होशियारपुर जिले के मंडियाला गांव में शुक्रवार देर रात होशियारपुर-जालंधर मार्ग पर एक एलपीजी टैंकर में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों लोग घायल हैं। हादसा उस समय हुआ जब होशियारपुर-जालंधर मार्ग पर एक एलपीजी से भरा टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। टैंकर में लगी आग इतनी भयानक थी कि आस-पास की करीब कई दुकानें और कुछ रिहायशी मकान जलकर राख हो गए।

भीषण आग से तबाह हुआ इलाका

देर रात हुए इस हादसे के तुरंत बाद टैंकर से लीक हुई गैस ने पूरे इलाके को आग की लपटों में घेर लिया। गांव से नजदीक ही गैस प्लांट था, वहां तक आग न पहुंचना राहत की बात रही, वरना नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, आग तेजी से फैली और मंडियाला अड्डा इलाके के आसपास की लगभग 15 दुकानों और चार-पांच रिहायशी घरों को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के पीछे सड़क हादसा

होशियारपुर की उपायुक्त आशिका जैन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्यों का जायजा लिया। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एलपीजी टैंकर किसी अन्य वाहन से टकरा गया था, जिससे यह दुर्घटना हुई।

दमकल विभाग ने पाया आग पर नियंत्रण

दमकल की कई गाड़ियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर लगातार प्रयास कर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। पुलिस ने तुरंत ट्रैफिक को रोककर और लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर स्थिति को नियंत्रण में करने की कोशिश की। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से एंबुलेंस के जरिए अस्पतालों में पहुंचाया गया।

मंत्री बोले – ‘स्थिति को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता’

घटना स्थल पर पहुंचे पंजाब सरकार के मंत्री रवजोत सिंह ने इसे अत्यंत दुखद हादसा बताया। उन्होंने कहा, "स्थिति ऐसी है जिसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। लोग कह रहे हैं कि टैंकर ने कार को टक्कर मारी, जिससे गैस लीक हुई और फिर जोरदार धमाका हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि बहुत नुकसान हुआ है। अभी तक ये स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग लापता हैं।"

नुकसान का आकलन और जांच जारी

फिलहाल हादसे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है और प्रशासन द्वारा नुकसान के आकलन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है और किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए इलाके को खाली कराया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article