चण्डीगढ़

हरियाणा में हॉरर किलिंग : बहन को गोलियों से कर दिया छलनी, लव मैरिज से खफा भाइयों ने हत्या कर दी

हरियाणा के रोहतक में बहन के प्रेम विवाह से नाराज भाइयों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने मृतका के देवर को भी गोली मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल है।

Image

रोहतक में हॉरर किलिंग

रोहतक : जिले के काहनी गांव में हॉरर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, बहन के प्रेम विवाह से नाराज भाईयों ने साथियों के साथ मिलकर पांच गोलियां दाग दीं, जिससे उसकी मौत हो गई। इतना ही नहीं बचाव करने आए देवर पर भी आरोपियों ने फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पीजीआईएमएस के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त पति घर में मौजूद नहीं था, इसलिए उसकी जान बच गई।

गांव के लड़के से शादी करने पर खफा थे घरवाले

बुधवार देर रात जिला रोहतक के गांव काहनी में हॉरर किलिंग का मामला सामने आया है। बताया गया है कि सूरज नाम के युवक ने अपने ही गांव की लड़की सपना से लगभग साढ़े तीन साल पहले लव मैरिज की थी। लड़की सपना के घरवाले इस कदम से खफा थे। सपना के पति सूरज ने बताया कि इस घटना का अंदेशा उससे पहले ही था, जिसके चलते उसने पुलिस में भी शिकायत दी थी और सपना के परिवार वालों को भी समझाया था, लेकिन वह नहीं माने और घटना को अंजाम दे दिया।

घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें हमलावर हमला करने के बाद भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। गोलियां लगने में सपना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सपना के देवर साहिल को गोली लगी है और वह पीजीआई रोहतक में इलाज के लिए भर्ती है। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पंडित बीडी शर्मा पीजीआई में भेजवा दिया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमें में गठित की गई हैं।

डीएसपी रोहतक रवि कुंडिया ने बताया कि सूरज और सपना दोनों एक ही गांव की रहने वाले थे और दोनों ने लगभग साढ़े तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों का गांव की गांव में प्रेम विवाह करना सपना के परिवार को रास नहीं आ रहा था, जिसके चलते सपना के भाई संजू ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर सूरज के घर पर गोलियां चला दी। सपना को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनको हिरासत में लेने के लिए चार टीमें लगाई गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article