चण्डीगढ़

Chandigarh News: पंजाब में अब लागू होगी ई-चालान की नई व्यवस्था, ट्रैफिक विंग ने बनाया पूरा प्‍लान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 7, 2023, 11:08 PM IST

Chandigarh News: पंजाब में 30 साल बाद एक बार फिर से ट्रैफिक विंग के पुनर्गठन से पहले कई बड़े बदलाव होने जा रहा रहे हैं। इन बदलावों के लिए 11 सूत्री ‘विजन 2023- सुरक्षित सड़कें-सुरक्षित पंजाब’ एजेंडा जारी किया गया है। जिसके तहत अब पंजाब में भी ई-चालान प्रणाली लागू की जाएगी। ट्रैफिक नियम तोड़ने पर चालान सीधे मोबाइल पर मिलेगा।

Image

पंजाब पुलिस का ट्रैफिक विंग

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • पंजाब पुलिस की ट्रैफिक विंग को वर्ष 1992-93 में किया गया था भंग
  • 30 साल बाद एक बार फिर से हो रहा ट्रैफिक विंग का पुनर्गठन
  • 11 सूत्री ‘विजन 2023- सुरक्षित सड़कें-सुरक्षित पंजाब’ एजेंडा जारी

Chandigarh News: पंजाब की सड़कों को लोगों के लिए सुरक्षित बनाने के लिए पंजाब पुलिस की ट्रैफिक विंग इस साल कई बड़े बदलाव करने जा रही है। ट्रैफिक विंग ने यातायात नियमों का पालन करने के लिए 11 प्वाइंट्स का खास एजेंडा तैयार किया है। ट्रैफिक विंग के अधिकारियों का कहना है कि, इस वर्ष का मुख्‍य उद्देश्य सड़क पर चलने वाले लोगों में जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देने के साथ सड़क दुर्घटनाओं और मौतों को कम करना है। इसलिए यातायात नियमों में इस साल कई सख्ती की जाएगी। इसमें सबसे बड़ा बदलाव ई-चालान प्रणाली है, जो इस साल पूरे राज्‍य में लागू हो जाएगा। इसके शुरू होने के बाद चंडीगढ़ की तरह यहां के वाहन चालकों को भी ट्रैफिक नियम का उल्‍लंघन करने पर चालान सीधे उनके मोबाइल पर पहुंच जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, सड़कों पर प्रभावी यातायात प्रबंधन और प्रवर्तन सुनिश्चित करने के लिए अगले माह राज्‍य के ट्रैफिक विंग का पुनर्गठन होगा। जिसके बाद यहां भी कई नई तकनीक की शुरुआत होगी। साथ ही सड़कों के बुनियादी ढांचे में सुधार करने के अलावा यात्रा को और भी सुरक्षित बनाया जाएगा। वहीं, विभिन्‍न यातायात योजनाओं को वैज्ञानिक तरीके से बनाने के लिए सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों को भी ट्रैफिक विंग में शामिल किया जाएगा।

राज्‍य में देखने को मिलेंगे ये बड़े बदलाव

बता दें कि, पंजाब पुलिस की ट्रैफिक विंग बीते 30 सालों से वनवास झेल रही थी। वर्ष 1992-93 में तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह ने रिश्वतखोरी के कई आरोपों के चलते इस विंग को भंग कर दिया था। जिसके बाद अब 2023 में एक बार फिर से इस विंग का गठन किया जा रहा है। इसके तहत ही ट्रैफिक विंग ने 2023 के लिए 11 सूत्री ‘विजन 2023- सुरक्षित सड़कें-सुरक्षित पंजाब’ एजेंडा जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार, जल्‍द ही राज्य के राजमार्गों पर 150 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा कुशल यातायात प्रबंधन करने के लिए स्मार्ट बैरिकेड्स, कांटैक्टलेस चालान, 5जी सक्षम सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क, बॉडी स्कैनर, स्पीड मैनेजमेंट सिस्टम और ई-चालान सिस्टम भी शुरू किया जाएगा। ई-चालान सिस्टम के जरिये पंजाब में पहली बार यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा पूरे राज्‍य में सार्वजनिक सुरक्षा और जागरूकता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article