Chandigarh News: चंडीगढ़ के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। एक जनवरी से संपर्क केंद्रों पर लगने वाले सेवा शुल्क की योजना को स्थगित कर दिया गया है। यूटी प्रशासन ने अपने फैसले पर यूटर्न लोगों के विरोध को देखते हुए लिया। अब यूटी प्रशासन पहले इन शुल्क दरों की समीक्षा करेगा, जिसके बाद इन्हें संशोधित कर दोबारा से लागू किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए यूटी प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने बताया कि, अब एक जनवरी से संपर्क केंद्रों पर सेवा शुल्क लागू नहीं होगा। अभी इन शुल्क दरों की दोबारा से समीक्षा करने को कहा गया है। जिसके बाद इस शुल्क को लागू करने की जानकारी दी जाएगी।
बता दें कि, चंडीगढ़ प्रशासन के सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ आईटी इन चंडीगढ़ (स्पिक) ने बीते दिनों एक बैठक कर संपर्क केंद्रों की सभी सेवाओं व सुविधाओं पर 20 से 25 रुपये सेवा शुल्क लगाने की घोषणा की थी। इसे मंजूरी के लिए प्रशासन के पास भेजा गया था। इस सेवा शुल्क की जानकारी मिलने के बाद शहर के हर वर्कर ने विरोध शुरू कर दिया। चंडीगढ़ की राजनीतिक पार्टियों व सामाजिक संस्थाओं ने इस शुल्क के लागू होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। इस विरोध के कारण ही चंडीगढ़ प्रशासन ने स्पिक के प्रस्ताव पर रोक लगाने के साथ समीक्षा के लिए वापस भेज दिया।
