चण्डीगढ़

Chandigarh: बंटी हत्याकांड में पुलिस का बड़ा खुलासा, इसलिए की गई हत्‍या, चार आरोपित गिरफ्तार

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 21, 2022, 01:29 PM IST

Chandigarh: गांव बड़माजरा में करीब तीन महीने पहले हुए बंटी हत्‍याकांड में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह हत्‍या पैसों के लेनदेन के कारण की गई थी। मृतक खुद भी बदमाश था और उस पर कई मामले दर्ज थे। वह हत्‍या के 15 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था।

Image

बंटी हत्‍याकांड के चार आरोपी गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • आपसी लेनदेन में आरोपियों ने की थी बंटी की हत्‍या
  • पुलिस को काली गैंगस्टर के बारे में नहीं मिला कोई सबूत
  • चारों आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस ने लिया रिमांड पर

Chandigarh: चंडीगढ़ के गांव बड़माजरा में करीब तीन महीने पहले कार के अंदर हुए बंटी की हत्‍या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्‍या के कारणों का खुलासा करते हुए हत्‍या के आरोप में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपितों की पहचान सुरेश, विकास, गुलशन और पुरुषोत्तम के रूप में हुई है। बता दें कि, पुलिस ने हत्‍या के इस मामले में हमले के कुछ दिन बाद ही एक आरोपी को यूपी से गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन बाकि आरोपी तभी से फरार चल रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए तीन दिन की रिमांड पर लिया है।

बता दें कि, अगस्‍त माह में गांव बड़माजरा के पास बंटी शर्मा की कुछ अज्ञात हमलवारों ने तेज हथियारों से हमला बोलकर हत्‍या कर दी थी। पुलिस के अनुसार, मृतक बंटी खुद भी बदमाश था और उस पर कई मामले दर्ज थे। हत्‍या से करीब 15 दिन पहले ही वह जमानत पर जेल से छूटकर बाहर आया था। हत्‍या के इस मामले में मृतक बंटी की बहन ने जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के शार्प शूटर काली गैंगस्टर पर हत्‍या कराने का आरोप लगाया था। बहन ने पुलिस को कई ऐसे फोन कॉल ऑडियो रिकॉर्ड भी सौंपे थे, जिसमें खुद को काली गैंगस्टर बताकर व्‍यक्ति परिजनों को फोन पर धमकाते सुना जा सकता है। सरेआम हुई इस हत्‍या के बाद दहशत फैल गई थी।

बंटी नहीं दे रहा था आरोपियों के पैसे

बलौंगी थाना एसएचओ ने आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि, सभी आरोपियों को पंजाब और चंडीगढ़ की अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया। इस मामले में मृतक के परिजनों ने काली गैंगस्टर पर हत्‍या का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक की गई जांच में काली गैंगस्टर के किसी रोल के बारे में पता नहीं चला है। इसलिए उसे केस में नामजद नहीं किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि, बंटी के साथ आरोपियों का पैसों का लेन-देन का मामला था। आरोपितों ने बताया कि, बंटी खुद को बदमाश समझ कर उन पर धोंस जमाता था और पैसे देने से भी इंकार कर दिया था। इसलिए बंटी को सबक सिखाने के लिए हमला किया था। आरोपियों ने बताया कि, वे बंटी को मारना नहीं चाहते थे, उस पर हमला कर अपना डर बैठाना चाहते थे। पुलिस अब सभी आरोपियों से पूछताछ कर हत्‍या में शामिल तेजधार हथियार बरामद करने की कोशिश करेगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article