चण्डीगढ़

दलित IPS पूरन कुमार के परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए सड़कों पर उतरी आम आदमी पार्टी

दलित IPS अधिकारी वाई. पूरन कुमार की मौत के बाद आम आदमी पार्टी ने इंसाफ की लड़ाई को जनआंदोलन का रूप दे दिया है। हरियाणा सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए AAP नेताओं ने पंजाब के अलग-अलग जिलों में कैंडल मार्च का ऐलान किया है। पार्टी ने इसे सामाजिक न्याय और दलित सम्मान की लड़ाई करार दिया।

Image

IPS वाई. पूरन कुमार की मौत के बाद AAP ने इंसाफ की लड़ाई को जनआंदोलन बनाया

आम आदमी पार्टी पंजाब में दलित IPS अधिकारी वाई. पूरन कुमार को इंसाफ दिलाने की लड़ाई को जनआंदोलन में बदलने की दिशा में आगे बढ़ चुकी है। परिवार को न्याय न मिलने और हरियाणा सरकार की खामोशी ने पूरे पंजाब में जनभावना को जगा दिया है। आम आदमी पार्टी ने साफ किया है कि यह मामला केवल एक अफसर की मौत का नहीं, बल्कि न्याय, समानता और सामाजिक सम्मान की लड़ाई है।

दलित समाज से आने वाले वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पूरण कुमार की खुदकुशी के बाद परिवार लगातार न्याय के लिए संघर्ष कर रहा है। पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार में देरी इस बात का प्रतीक बन चुकी है कि सत्ता तंत्र ने एक दलित अफसर की मौत को भी राजनीति और रसूख के नीचे दबाने की कोशिश की है। लेकिन अब पंजाब की सड़कों पर इंसाफ की यह मांग आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में गूंज उठेगी।

प्रदेश के सभी प्रमुख जिलों में AAP मंत्री और विधायक कैंडल मार्च की अगुवाई करेंगे। अमृतसर में हरभजन सिंह ETO, जालंधर में मोहिंदर भगत, पटियाला में MLA गुरदेव देवमान और चंडीगढ़ में पार्टी के वरिष्ठ नेता इस कैंडल मार्च को लीड करेंगे। पार्टी ने कहा है कि यह सिर्फ प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि यह एक बड़ा संदेश है कि जब सत्ता अन्याय पर चुप रहती है तो जनता सड़कों पर उतरकर उसे जवाब देती है।

आम आदमी पार्टी ने इस आंदोलन को डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा से जोड़ा है। बाबा साहब ने जिस न्याय, समानता और गरिमा के लिए संघर्ष किया, आज उसी विचार की रक्षा के लिए यह मोर्चा खोला जा रहा है। पूरन कुमार जैसे ईमानदार अफसर के साथ हुए अन्याय को पंजाब की जनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। यह आंदोलन एक अफसर के लिए नहीं बल्कि पूरे दलित समाज की गरिमा के लिए है।

जनभावना साफ दिख रही है। लोग गुस्से में हैं, आहत हैं और यह सवाल पूछ रहे हैं कि जब एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी तक को न्याय नहीं मिल पा रहा, तो आम नागरिक का क्या होगा। भाजपा सरकार की चुप्पी और सुस्त रवैये ने इस गुस्से को और गहरा कर दिया है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि सरकार को अब जवाब देना होगा, क्योंकि इंसाफ की मांग को अब दबाया नहीं जा सकता।

आम आदमी पार्टी ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार की संवेदनहीनता इस बात का प्रमाण है कि दलित समाज के दर्द को सत्ता के गलियारों में गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। मगर इतिहास गवाह है कि जब सत्ता ने आवाज दबाने की कोशिश की है, तब सड़क पर निकले जनसमर्थन ने फैसले करवाए हैं। यही वजह है कि पूरे पंजाब में मोमबत्तियां जलाकर एक स्वर में इंसाफ की मांग उठेगी।

यह आंदोलन राजनीति से परे एक सामाजिक चेतना का प्रतीक बनकर उभरेगा। आम आदमी पार्टी ने कहा है कि इंसाफ की यह लड़ाई लंबी भी हो सकती है और कठिन भी, लेकिन इसे हर हाल में अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। पूरण कुमार को न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article