Fauja Singh Death: मैराथन की दुनिया में अपनी शानदार उपलब्धियों के लिए प्रसिद्ध रहे 114 वर्षीय एथलीट फौजा सिंह का सोमवार को पंजाब के जालंधर में निधन हो गया। बताया गया है कि सैर के दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें उनके घर के पास ही टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और दम तोड़ दिया। लेखक और पंजाब के पूर्व राज्य सूचना आयुक्त खुशवंत सिंह ने उनके परिवार से बात करके, उनकी मृत्यु की पुष्टि की। खुशवंत सिंह ने फौजा सिंह की जीवनी ‘द टर्बन्ड टॉरनेडो’ लिखी है।
टहलने के दौरान हुआ हादसा
समाचार एजेंसी भाषा के अनुसार, फौजा सिंह टहल रहे थे तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने फौजा सिंह की मृत्यु पर संवेदनाएं जाहिर कीं।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मैं महान मैराथन धावक और दृढ़ता के प्रतीक सरदार फौजा सिंह जी के निधन से बहुत दुखी हूं। उन्होंने 114 वर्ष की आयु में बेजोड़ उत्साह के साथ ‘नशा मुक्त, रंगला पंजाब’ मार्च में मेरे साथ भाग लिया था।...उनकी विरासत पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरणा देती रहेगी। ओम शांति ओम।"
खुशवंत ने ‘एक्स’ पर लिखा, "मेरा ‘टर्बन्ड टॉरनेडो’ अब नहीं रहा। मुझे परम श्रद्धेय फौजा सिंह के निधन की खबर देते हुए बहुत दुख हो रहा है। अज्ञात वाहन ने आज दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे उन्हें उस समय टक्कर मार दी जब वह उनके गांव ब्यास में सड़क पार कर रहे थे। मेरे प्यारे फौजा, आपकी आत्मा को शांति मिले।"
समाचार एजेंसी भाषा ने जब खुशवंत सिंह से संपर्क किया, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने फौजा सिंह के परिवार के सदस्यों से बात की है और उन्होंने उनकी मौत की खबर की पुष्टि की है।
पुलिस कर रही है जांच
सड़क दुर्घटना के बाद फौजा सिंह को जालंधर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौत हो गई।
हिमाचल प्रदेश थाना प्रभारी प्रीत सिंह ने बताया, "हमें सूचना मिली कि फौजा सिंह की मौत हो गई है। हम अस्पताल पहुंच गए हैं... हमने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है... दुर्घटना ब्यास शहर के पास मुख्य सड़क पर हुई। हम सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रहे हैं।
PM ने भी जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर अपनी संवेदनाएं जाहिर कीं।
उन्होंने लिखा, कि फौजा सिंह जी अपने अद्वितीय व्यक्तित्व और फिटनेस जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भारत के युवाओं को प्रेरित करने के अपने तरीके के कारण असाधारण थे। वे अद्भुत दृढ़ संकल्प वाले एक असाधारण एथलीट थे। उनके निधन से बहुत दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दुनिया भर में उनके अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं।
