शहर

पंजाब में 10 लाख रुपये तक का मिलेगा मुफ्त इलाज; 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' की हुई शुरुआत, केजरीवाल ने विपक्ष को घेरा

Mukh Mantri Sehat Yojana: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' की शुरुआत की। अधिकारियों के अनुसार, इस योजना में 2,500 से अधिक चिकित्सीय उपचार शामिल हैं और सरकारी अस्पतालों के साथ कुछ निजी अस्पतालों में भी इसका लाभ मिलेगा।

Image

पंजाब में 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' की हुई शुरुआत (फोटो साभार: @ArvindKejriwal)

Photo : Twitter

Mukh Mantri Sehat Yojana: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' की शुरुआत की जिसके तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का नि:शुल्क चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इस स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत राज्य के सभी 65 लाख परिवारों को शामिल किया गया है। योजना का लाभ पंजाब का कोई भी निवासी उठा सकेगा, जिसके पास आधार कार्ड व मतदाता पहचान पत्र हैं।

निजी अस्पतालों में भी मिलेगा लाभ

अधिकारियों के अनुसार, इस योजना में 2,500 से अधिक चिकित्सीय उपचार शामिल हैं और सरकारी अस्पतालों के साथ कुछ निजी अस्पतालों में भी इसका लाभ मिलेगा। योजना की शुरुआत के बाद समारोह को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, “आज का दिन केवल पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक है।”

भगवंत मान सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार वर्षों का यह कार्यकाल पंजाब के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। इस अवसर पर आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, पंजाब के मंत्री अमन अरोड़ा और हरपाल सिंह चीमा भी मौजूद थे।

आप सरकार के नेतृत्व में पंजाब अब देश का पहला राज्य बन गया है जो मुफ्त स्वास्थ्य सेवा, मुफ्त शिक्षा, मुफ्त बिजली और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की गारंटी देता है। वहीं, केजरीवाल ने जोर देकर कहा कि सत्ता के भूखे विपक्षी दल आंतरिक कलह में उलझे हुए हैं और केवल आप ही पंजाब के लिए एक सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित कर सकती हैं। इस अवसर पर केजरीवाल और मुख्यमंत्री मान ने कुछ पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री सेहत योजना कार्ड सौंपे।

केजरीवाल ने क्या कुछ कहा?

मुख्यमंत्री सेहत योजना के शुभारंभ के अवसर पर केजरीवाल ने कहा कि आज का दिन न केवल पंजाब के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ा और ऐतिहासिक दिन है। पंजाब में आज जो काम होने जा रहा है, वह शायद 1950 में ही हो जाना चाहिए था। केजरीवाल ने कहा कि पिछले 75 वर्षों में कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन किसी ने भी जनता की सच्ची परवाह नहीं की। बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन जनता की उपेक्षा की गई।

उन्होंने कहा कि एक समय था जब पंजाब भयंकर आतंकवाद से त्रस्त था, और फिर एक ऐसा दौर आया जब नशीली दवाओं का बोलबाला था। लेकिन हर चीज का अपना समय होता है। पंजाब पिछले चार वर्षों से जिस दौर से गुजर रहा है, वह पंजाब और देश के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article