शहर

Himachal Accident: चंबा में गहरी खाई में गिरी कार, मुंडन संस्कार से लौट रहे 7 लोगों की मौत; गांव में पसरा मातम

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मसरूंड-हमल रोड पर एक वाहन गहरी खाई में गिर गया, जिससे 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी लोग मुंडन संस्कार से लौट रहे थे। हादसे में एक ही गांव के कई लोगों की जान चली गई।

Image

chamba accident

Photo : Times Now Digital

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक बोलेरो बेकाबू होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी लोग मुंडन संस्कार कार्यक्रम से वापस आ रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

छतरूंड के पास करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार

जानकारी के अनुसार, यह हादसा मसरूंड-हमल मार्ग पर छतरूंड के पास रात करीब 2 बजे हुआ। यह हादसा इतना भयावह था कि खाई में गिरने के बाद वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार सभी लोग महल गांव के निवासी थे। हादसे में तीन महिलाओं और तीन पुरुषों समेत कुल सात लोगों की जान चली गई। एक ही गांव के कई लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लेकिन अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनी,जिसके बाद वे तुरंत मदद के लिए पहुंचे और खाई से शवों को बाहर निकालने में सहयोग किया।

सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

चंबा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि 7 लोगों की मौत हुई है। घटनास्थल पर पुलिस टीम पहुंच चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों में हादसे के बाद भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और क्रैश बैरियर नहीं होने के कारण यह भीषण हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article