शहर

बक्सर में पहली बारिश ने उजागर की शिक्षा विभाग की लापरवाही, पानी में बहते दिखे परीक्षा प्रश्नपत्रों के बंडल

बक्सर में हुई भारी बारिश के दौरान शिक्षा विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आ गई है। तेज बारिश में परीक्षा प्रश्नपत्रों के बंडल पानी में भीगते और बहते हुए दिखाई दिए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

Image

बक्सर में पहली बारिश में बहने लगे परीक्षा प्रश्नपत्र के बंडल

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Buxar Exam Paper News: बिहार में बक्सर में मानसून की पहली ही मूसलाधार बारिश ने शिक्षा विभाग की तैयारियों और व्यवस्थाओं की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। भारी बारिश के दौरान विभाग द्वारा सुरक्षित रखे गए परीक्षा प्रश्नपत्रों के बंडल पानी में बहते और भीगते नजर आए, जिसका वीडियो स्थानीय लोगों द्वारा बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली और संवेदनशील दस्तावेजों के रखरखाव पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

प्रश्नपत्रों के बंडल पानी में पूरी तरह भीगे

वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि प्रश्नपत्रों के बंडल पानी में पूरी तरह भीग चुके हैं और तेज बहाव में बहते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना ने न केवल परीक्षा सामग्री की सुरक्षा पर चिंता बढ़ा दी है, बल्कि विभागीय लापरवाही को भी उजागर किया है। बताया जा रहा है कि ये प्रश्नपत्र कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं से संबंधित थे, जिन्हें शिक्षा विभाग द्वारा बक्सर कार्यालय तक भेजा गया था।

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

बताया जा रहा है कि मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। बक्सर के एसडीएम अविनाश कुमार ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मामले की जांच की जिम्मेदारी जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को सौंपी है और स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दस्तावेजों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल हुए खड़े

प्रशासन ने यह भी कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना के बाद एक बार फिर शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं, खासकर गोपनीय और संवेदनशील दस्तावेजों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article