शहर

बिहार को शिक्षा और विकास की बड़ी सौगात, 5 नए केंद्रीय विद्यालयों के साथ 31 बस स्टैंड होंगे हाईटेक; कैबिनेट का बड़ा फैसला

बिहार सरकार ने शिक्षा और सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए पांच नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना और राज्य के 31 बस स्टैंडों के आधुनिकीकरण को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट के फैसले के तहत नए केंद्रीय विद्यालयों के लिए 5-5 एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि बस स्टैंडों का विकास पीपीपी मॉडल पर आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जाएगा।

Image

बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में अहम फैसले

Photo : PTI

Bihar Cabinet Decision: बिहार में 5 नए केंद्रीय विद्यालय (KV) खोलने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए कैबिनेट ने हर विद्यालय के लिए 5-5 एकड़ सरकारी जमीन उपलब्ध कराने को मंजूरी दे दी है। जानकारी के अनुसार ये नए केंद्रीय विद्यालय पूर्णिया, राजगीर (नालंदा), शेखपुरा, मधेपुरा और मधुबनी में खोले जाएंगे। इन स्कूलों के खुलने से छात्रों को बेहतर शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई का माहौल मिलेगा।

सीएम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी जानकारी

बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने एक्स (पूर्व ट्वीटर) पर जानकारी देते हुए बताया कि, "बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में पांच नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना हेतु 5-5 एकड़ आवश्यक सरकारी भूमि को उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई है।"

स्वीकृत प्रस्तावों के अंतर्गत-

  • पूर्णिया पूर्व (मौजा–मधुबनी, जिला पूर्णिया)
  • राजगीर (मौजा–पिलखी, जिला नालंदा)
  • शेखपुरा (मौजा–नीमी, जिला शेखपुरा)
  • मधेपुरा (मौजा–साहुगढ़, जिला मधेपुरा)
  • मधुबनी (अंचल–राजनगर, मौजा–सतिहारपुर, जिला मधुबनी)

विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण

मुख्यमंत्री ने आगे जानकारी दी कि, "इन पांच नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना से बिहार के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक संसाधन एवं बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध होगा।"

31 बस स्टैंडों के आधुनिकीकरण और विकास

इसके साथ ही मंत्रिपरिषद की बैठक में आधुनिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए राज्य के 31 बस स्टैंडों के आधुनिकीकरण और समग्र विकास के लिए पीपीपी (Public-Private Partnership) मॉडल पर विकसित किए जाने की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

इन जिलों के बस स्टैंड हैं शामिल

मुख्यमंत्री ने बताया है कि इस योजना में पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गया, दरभंगा, पूर्णिया, मुंगेर, कटिहार, सहरसा, नवादा, मधुबनी, किशनगंज सहित राज्य के विभिन्न जिलों के बस स्टैंड शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, इनका विकास आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, पार्किंग, व्यावसायिक सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं, स्वच्छता एवं बेहतर यातायात प्रबंधन जैसी सुविधाओं के साथ किया जाएगा। ऐसे में इन दोनों फैसलों से राज्य के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article