शहर

मुंबई के भांडुप वेस्ट में बड़ा हादसा; बस ने यात्रियों को रौंदा, 4 की मौत, कई अन्य घायल

मुंबई के भांडुप इलाके में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब BEST की बस ने कई लोगों को कुचल दिया। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी व चश्मदीदों के बयान खंगाले जा रहे हैं।

Image

मुंबई में बस ने रिवर्स करते समय यात्रियों को टक्कर मारी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bhandup Bus Accident: सोमवार, 29 दिसंबर की रात मुंबई के भांडुप क्षेत्र में रात 10 बजकर 5 मिनट पर एक गंभीर हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, BEST की एक बस ने सड़क पर मौजूद कई लोगों को टक्कर मारकर रौंद दिया। इस दुर्घटना में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में बस चालक को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना उस समय हुई, जब ड्राइवर बस को पीछे की ओर ले जा रहा था। रिवर्स लेते समय कई लोग वाहन की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि घायलों में से कुछ की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। आरोपी बस चालक की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

मेडिकल जांच करवाने के बाद उससे दुर्घटना से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि रिवर्स लेते समय अचानक बस की रफ्तार इतनी तेज क्यों हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुंबई पुलिस इस घटना की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही, हादसे के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरी घटना की सही जानकारी जुटाई जा सके।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article