शहर

फेस पर केक लगाने की सजा मौत? बर्थडे पार्टी में खेल-खेल में हुआ कांड, बुलंदशहर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी

बुलंदशहर के खुर्जा में जन्मदिन पार्टी के दौरान केक लगाने का मजाक इतना भारी पड़ गया कि हत्या की वारदात में बदल गया। बर्थडे बॉय ने तीन लोगों को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।

Image

बर्थडे पार्टी में 3 लोगों की गोली मारकर हत्या

Photo : ANI

Bulandshahr Triple Murder: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक बर्थडे पार्टी खौफनाक वारदात में बदल गई। जहां केक लगाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि तीन युवकों की हत्या कर दी गई। आरोपियों ने उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

यह घटना बुलंदशहर के खुर्जा नगर क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान अमरदीप सैनी, मनीष सैनी और आकाश सैनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी जीतू सैनी का जन्मदिन मनाया जा रहा था। पार्टी के दौरान दोस्तों ने मजाक में उसके चेहरे पर केक लगा दिया, जिससे वह नाराज हो गया। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी जीतू सैनी के जन्मदिन की पार्टी थी। जिसमें पीड़ितों ने कथित तौर पर जीतू के चेहरे पर केक लगा दिया था। इस मजाकिया हरकत से आरोपी नाराज हो गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई।

हथियार लेकर लौटे आरोपी

पुलिस के अनुसार, शुरुआती विवाद के बाद आरोपी पक्ष वहां से चला गया, लेकिन कुछ समय बाद वे लोग हथियारों के साथ वापस लौटे। आरोप है कि उनके पास 7-8 लाइसेंसी हथियार थे। आरोपियों ने मौके पर पहुंचकर अमरदीप, मनीष और आकाश को देखा, उन्होंने बिना किसी चेतावनी के उनपर गोलियां चला कर दी। जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

एसपी (ग्रामीण) अंतरिक्ष जैन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात की जांच शुरू कर दी गई। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमों का गठन किया है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है।

आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस

मृतकों के परिजनों का कहना है कि उन्होंने मामले को शांत कराने की कोशिश की थी, लेकिन आरोपियों ने हिंसा का रास्ता चुना। घटना की सूचना मिलते ही मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी की। फिलहाल पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article