शहर

Bulandshahr Accident: दिल्ली-कानपुर हाईवे पर डंपर में घुसी तेज रफ्तार बस; 9 साल की मासूम की मौत; 18 यात्री घायल

Bulandshahr Accident: बुलंदशहर के खुर्जा देहात में NH-34 पर दिल्ली से कानपुर जा रही फजलगंज डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस आगे चल रहे डंपर में जा घुसी। हादसे में 9 साल की बच्ची की मौत हो गई और 18 यात्री घायल हो गए।

Image

दिल्ली-कानपुर हाईवे पर भीषण हादसा

Bulandshahr Accident: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दिल्ली-कानपुर नेशनल हाईवे-34 (NH-34) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (फजलगंज डिपो) की एक तेज रफ्तार रोडवेज बस आगे चल रहे रोड़ी (गिट्टी) से लदे डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में इटावा निवासी 9 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

खुर्जा देहात के बगराई कट पर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-34 स्थित बगराई कट पर तड़के हुआ। फजलगंज डिपो की बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर कानपुर की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस बगराई कट के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे रोड़ी लदे डंपर के पिछले हिस्से में जा टकराई।

9 साल की बच्ची ने तोड़ा दम, एक महिला की हालत नाजुक

हादसे में बस सवार इटावा निवासी 9 वर्षीय मासूम बच्ची राधिका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना में लगभग 18 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें राहगीरों और सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। महिला की हालत घायलों में शामिल एक महिला की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक और रोडवेज बस का ड्राइवर वाहनों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

एसपी देहात अंतरिक्ष जैन के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे दिल्ली से कानपुर जा रही एक बस की डंपर से टक्कर हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में इटावा की एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article