देश

संसद सत्र से पहले BJP का बड़ा मंथन, पार्टी कल अपने सांसदों को समझाएगी परिसीमन का पूरा गणित

सूत्रों के अनुसार परिसीमन के लिए संविधान संशोधन विधेयक, जिसका क्रमांक 132 बताया जा रहा है, सोमवार को लोकसभा में पेश किया जा सकता है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के इसे सदन के पटल पर रखने की संभावना है। सरकार लोकसभा में पहले से पेश दो विधेयकों को भी वापस लेगी।

Image

सोमवार को लोकसभा में परिसीमन विधेयक पेश कर सकती है सरकार।

Photo : PTI

Delimitation Bill: संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने सभी लोकसभा सांसदों की अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक 29 नवंबर को प्रस्तावित है। इसमें सांसदों को परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि सदन में चर्चा के दौरान पार्टी की रणनीति और पक्ष स्पष्ट रहे। सूत्रों के अनुसार परिसीमन के लिए संविधान संशोधन विधेयक, जिसका क्रमांक 132 बताया जा रहा है, सोमवार को लोकसभा में पेश किया जा सकता है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के इसे सदन के पटल पर रखने की संभावना है। सरकार लोकसभा में पहले से पेश दो विधेयकों को भी वापस लेगी। इसके पीछे तर्क है कि नए प्रावधानों के साथ पूरी प्रक्रिया को एक ही ढांचे में लाया जा सके।

कार्यकाल पूरा होने तक कोई बदलाव नहीं

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत मौजूदा सदनों का कार्यकाल पूरा होने तक किसी तरह का बदलाव लागू नहीं होगा। यानी नया परिसीमन वर्तमान लोकसभा और विधानसभाओं के कार्यकाल पर असर नहीं डालेगा।

सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी

प्रस्ताव के अनुसार परिसीमन में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाई जाएगी। निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए एक नया परिसीमन आयोग गठित किया जाएगा। आयोग इसी आधार पर सीटों की नई बाउंड्री का निर्धारण करेगा।

2011 की जनगणना बनेगी आधार

सबसे अहम बात यह है कि सीटों की सीमा का निर्धारण 2011 की जनगणना के आंकड़ों पर होगा। परिसीमन की प्रक्रिया को 2027 में प्रस्तावित जनगणना से अलग रखा जाएगा। यानी नई जनगणना के नतीजों का इस परिसीमन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

2051 तक सीटों की संख्या फ्रीज

विधेयक में प्रावधान है कि नए परिसीमन के बाद 2051 तक सीटों की संख्या स्थिर रहेगी, यानी इसमें कोई और बदलाव नहीं किया जाएगा। सरकार ने परिसीमन का पूरा काम अगले दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

क्यों अहम है यह कदम

परिसीमन का मुद्दा लंबे समय से राजनीतिक बहस के केंद्र में रहा है। खासकर दक्षिण के राज्यों में यह चिंता जताई जाती रही है कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का बंटवारा होने से उनका प्रतिनिधित्व घट सकता है। ऐसे में 2011 की जनगणना को आधार बनाने और सीटों की संख्या 2051 तक फ्रीज करने के प्रस्ताव पर विपक्ष की प्रतिक्रिया पर सबकी नजर रहेगी। सत्र के दौरान इस बिल पर तीखी बहस के आसार हैं।

Ravikant Rai
रविकांत रायauthor

सत्ता के गलियारों से आम जनमानस से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र, । राजनीति के हर दांव पेंच से वाकिफ, 13 सालों में दो लोकसभा चुनाव और कई राज्यों के विधान सभा चुनाव कवर करने का अनुभव। संसद भवन, बीजेपी और प्रधानमंत्री कार्यालय को मैं कवर करता हूं... फिल्मे देखना , सपने देखना और उनका पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा देना ये मेरा जुनून है।

और पढ़ें
End of Article