शहर

बदायूं में निर्माणाधीन मकान की शटरिंग अचानक भरभराकर गिरी, मलबे में दबे मकान मालिक समेत तीन लोग; अस्पताल में एक युवक की मौत

Budaun News: बदायूं के नौगवां नसीर गांव में रविवार शाम निर्माणाधीन मकान की शटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मकान मालिक समेत तीन लोग मलबे के नीचे दब गए, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Image

बदायूं में हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Budaun News: बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र के नौगवां नसीर गांव में रविवार शाम निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन मकान में लेंटर डालने की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक शटरिंग का ढांचा भरभराकर नीचे आ गया। हादसे के समय वहां मौजूद मकान मालिक समेत तीन लोग मलबे में दब गए।

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक, नौगवां नसीर गांव निवासी पन्नालाल यादव उर्फ दलवीर के मकान का निर्माण चल रहा था। रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे लेंटर डालने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक शटरिंग गिर गई। इसके नीचे पन्नालाल यादव (25), चंद्रभान (30) और मदनापुर गांव निवासी अवनीश (27) दब गए। तेज आवाज के साथ शटरिंग गिरने के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और मलबा हटाकर दबे लोगों को निकालने की कोशिश शुरू की।

हादसे में हुई एक अवनीश की मौत

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत-बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे पन्नालाल और चंद्रभान को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, तीसरे व्यक्ति अवनीश को निकालने के लिए जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया। काफी मशक्कत के बाद अवनीश को भी बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दो अन्य की हालत गंभीर, इलाज जारी

घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम दातागंज विनोद कुमार और सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। एसडीएम ने बताया कि निर्माणाधीन मकान का लेंटर पड़ते समय शटरिंग गिरने से तीन लोग मलबे में दब गए थे। तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article