शहर

झूठी शान में हत्याओं से फतेहपुर में सनसनी, भाई ने बहन को मारकर कुएं में फेंका; जानें क्या है माजरा

आरोपी भाई बहन को ससुराल से गांव लेकर जा रहा था, तभी प्रेम प्रसंग को लेकर रास्ते में दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने गला दबाकर बहन की हत्या करने के बाद उसका शव कुएं में फेंक दिया।

Image

फतेहपुर में एक व्यक्ति ने प्रेम प्रसंग के चलते अपनी बहन की हत्या

बांदा जिले में थाने के भीतर एक व्यक्ति द्वारा कथित झूठी शान के नाम पर बेटी की हत्या किये जाने के एक दिन बाद शनिवार को फतेहपुर जिले से एक युवक ने प्रेम प्रसंग के मामले में अपनी बहन की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। यहां प्रेम प्रसंग के चलते शुक्रवार देर शाम एक युवक गला दबाकर हत्या करने के बाद अपनी बहन के शव को कुएं में फेंककर शनिवार सुबह पुलिस चौकी पहुंच गया और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि थरियांव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह संदीप यादव (22) हसवा पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने शुक्रवार देर शाम अपनी बहन रंजू (20) की गला दबाकर हत्या कर दी है और उसके शव को कुएं में फेंक दिया है।उन्होंने बताया कि युवक की निशानदेही पर पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों की मदद से युवती का शव कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

एसपी ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में संदीप ने बताया कि डेढ़ माह पहले बहन की शादी राधानगर थाना क्षेत्र के एक गांव में की गई थी, लेकिन चौथी की रस्म में ससुराल से लौटी बहन दूसरे समुदाय के अपने प्रेमी के साथ भाग गयी और तीन दिन बाद वापस घर लौटी थी तो समझा-बुझाकर फिर ससुराल भेज दिया , लेकिन वह वहां भी अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद करती रही।

उन्होंने बताया कि संदीप ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वह बहन को ससुराल से गांव लेकर जा रहा था, तभी प्रेम प्रसंग को लेकर रास्ते में दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने गला दबाकर बहन की हत्या करने के बाद उसका शव कुएं में फेंक दिया।मांगलिक ने बताया कि संदीप यादव के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बाप ने की बेटी की हत्या

शुक्रवार को बांदा जिले के बदौसा थाने के भीतर परामर्श सत्र के दौरान एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दलित बिरादरी के युवक से भागकर शादी करने वाली अपनी बेटी की हत्या कर दी थी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article