Bundi News: राजस्थान के बूंदी में दुल्हन की शादी वाले दिन खुशी के पल गमों में बदल गए। जिस घर में विवाह की शहनाई बज रही थी। उसी घर में दो जिदंगियों के जाने से पूरा माहौल गमगीन हो गया। दरअसल बूंदी के एक परिवार में बारात के आने से पहले ही दुल्हन के चाचा को हार्ट अटैक आ गया। जिससे उनकी मौत हो गई। जिसके बाद बारात भी आ गई और परिवार ने शादी की रस्में पूरी करने का फैसला किया। शादी होने के बाद जब दुल्हन की विदाई हुई तो उसकी दादी ने भी दम तोड़ दिया।
शादी से पहले हुआ अंतिम संस्कार
बूंदी के लाखेरी की रहने वाली राधिका के घर में उसकी शादी की रस्में चल रही थीं। राधिका की बारात शंकरपुर से आ रही थी। इस खुशी के माहौल में घर में सब लोग नाच गा रहे थे और बारात का इंतजार कर रहे थे। तभी राधिका के चाचा की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस मातम के माहौल में परिवार वालों ने फैसला लिया की राधिका की शादी को टाला नहीं जाएगा। जिसके बाद शादी की रस्मों से पहले उसके चाचा गोविंद लाल का अंतिम संस्कार किया गया, क्योंकि लोगों का कहना था कि शादी के शुभ अवसर पर घर में शव रखना सही नहीं है।
दादी ने भी तोड़ा दम
गोविंद लाल के अंतिम संस्कार के बाद राधिका की शादी की रस्में पूरी की गई। जिसके बाद दुल्हन की विदाई की गई। पूरा परिवार अभी एक सदमे से उबरा भी नहीं था कि उन्हें एक और सदस्य के जाने की खबर मिल गई। राधिका की विदाई के बाद उसकी दादी मंगली बाई की भी मौत हो गई। मंगली बाई की उम्र 90 साल थी। घर में दो मौतों ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है।
