शहर

दिल्ली में 21 साल की DU छात्रा की इमरान ने क्यों की हत्या? पूरी घटना का हुआ खुलासा

Delhi University SOL Student Murder: पीड़िता दिल्ली विश्वविद्यालय के ’स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग’ में दूसरे वर्ष की छात्रा थी और अपने परिवार के साथ मंगला अस्पताल के पास एक इमारत में रहती थी।

Image

दिल्ली में 21 साल की DU छात्रा की इमरान ने क्यों की हत्या? पूरी घटना का हुआ खुलासा

DU Student Murder Tilak Nagar: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की 21 वर्षीय छात्रा की उसके घर पर एक परिचित ने कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस को संदेह है कि आरोपी पीड़िता के किसी अन्य व्यक्ति से बात करने से नाराज था। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान आकिब उर्फ इमरान के रूप में हुई है, जो फरार है और उसे पकड़ने के लिए लगभग 15 पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता दिल्ली विश्वविद्यालय के ’स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग’ में दूसरे वर्ष की छात्रा थी और अपने परिवार के साथ मंगला अस्पताल के पास एक इमारत में रहती थी। जांच के अनुसार, युवती आरोपी को करीब डेढ़ साल से जानती थी। आरोपी पहले जिम ट्रेनर था और वर्तमान में बेरोजगार था। पुलिस ने बताया कि दोनों 20 अगस्त को एक होटल में भी मिले थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पिछले दो महीने से युवती के किसी और से बात करने को लेकर कथित तौर पर उससे नाराज था। बुधवार शाम को आरोपी उस समय युवती के घर गया जब वह अकेली थी। पुलिस ने कहा कि दोनों के बीच बहस होने लगी, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उस पर चाकू से हमला किया और भाग गया।

सीसीटीवी फुटेज में क्या आया?

एक पुलिस सूत्र ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी शाम करीब 5.40 बजे इमारत में दाखिल होता दिख रहा है। मामला तब सामने आया जब घरेलू सहायिका ने मुस्कान को घर की दूसरी मंजिल पर घायल अवस्था में पड़ा पाया और उसके परिवार को सूचित किया।

पुलिस ने बताया कि तिलक नगर थाने में शाम सात बजकर 24 मिनट पर घटना की सूचना दी गई और टीम के पहुंचने से पहले ही पीड़िता को जनकपुरी के अमर लीला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इसके बाद अपराध टीम और फॉरेंसिक दल को मौके पर बुलाया गया जिसने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता के भाई ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसकी बहन की जान-पहचान निकट के इलाके में रहने वाले आकिब उर्फ इमरान नामक लड़के से थी और उसने इमरान पर उसकी बहन की हत्या करने का शक जताया है।

पीड़िता के दोस्त अमन ने पत्रकारों को बताया कि मुस्कान चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उन्होंने कहा, 'उसकी बड़ी बहन ने मुझे चंडीगढ़ से फोन किया और मुझे उसके घर पहुंचने के लिए कहा। उसी ने बताया कि मुस्कान को चाकू मारा गया है। मैंने अपने दोस्तों को उसे अस्पताल ले जाने के लिए बुलाया। जब मैं वहां पहुंचा, तो एक एम्बुलेंस पहले से ही वहां मौजूद थी और अस्पताल ने उसे मृत घोषित कर दिया।'

अमन ने दावा किया कि आरोपी लंबे समय से मुस्कान का पीछा कर रहा था और परिवार को पीड़िता के कथित उत्पीड़न के बारे में सूचित किया गया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों का पता लगाने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article