BRICS Summit 2026: राजधानी दिल्ली में होने वाली BRICS समिट को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक का बड़ा प्लान तैयार किया है। ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान दिल्ली को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। दिल्ली में ऐसी चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था इसलिए जरूरी है क्योंकि सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री, विदेशी प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के अधिकारी शामिल होंगे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आ रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा के साथ-साथ आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए पुलिस ने पहले से ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
Brics समिट के लिए दिल्ली में अहम रूट्स पर लगभग 500 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये हाई डेफिनेशन कैमरे इन रूट्स पर हर हरकत को कैप्चर करेंगे। जिन सड़कों से होकर विदेशी मेहमान शहर में अपने होटल और कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे जैसे तुगलक रोड, अशोक रोड, अकबर रोड, मान सिंह रोड, ऑबराय होटल, ताज मान सिंह होटल आदि इन कैमरों की जद में रहेंगे। इसके लिए तुगलक रोड थाने के अंदर सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, VVIP मूवमेंट वाले रास्तों पर जरूरत के हिसाब से कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोका जाएगा और डायवर्जन भी किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पहले से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी को पढ़ें और जिन रास्तों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाए गए हैं, उन रूट्स पर बेवजह आने-जाने से बचें।
15 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात
सुरक्षा व्यवस्था के लिए दिल्ली पुलिस के लगभग 15 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। यही नहीं लगभग 200 कंपनियां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की भी इस दौरान सुरक्षा में लगाई गई हैं। एयरपोर्ट, भारत मंडपम, VVIP होटलों और दूसरे अहम स्थानों पर सुरक्षा के कई स्तर बनाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए केंद्र सरकार की अलग-अलग एजेंसियों, पड़ोसी राज्यों की पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार तालमेल किया जा रहा है। VVIP के आने-जाने वाले संभावित रास्तों का सर्वे भी किया गया है।
एयरपोर्ट से होटल तक होगी कड़ी निगबानी
विदेशी मेहमानों के एयरपोर्ट पहुंचने से लेकर उनके होटल और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का खास ख्याल रखा जाएगा। भारत मंडपम और प्रमुख होटलों में एंट्री-एग्जिट की जांच, निगरानी, सर्विलांस और वेरिफिकेशन की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को भी तैयार रखा गया है। दिल्ली पुलिस ने आसपास के राज्यों के साथ भी सुरक्षा को लेकर समन्वय किया है, ताकि दूसरे राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों और लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा सके।
ड्रोन उड़ाने पर रोक
BRICS समिट के दौरान सुरक्षा के लिहाज से तय इलाकों में ड्रोन या किसी भी तरह के अनधिकृत फ्लाइंग ऑब्जेक्ट (Drone) उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस ऐसे इलाकों में आसमान से होने वाली गतिविधियों पर भी नजर रखेगी।
कंट्रोल रूम से होगी निगरानी..
VVIP मूवमेंट के दौरान कमांड और कंट्रोल रूम से पूरे सुरक्षा इंतजाम की निगरानी रखी जाएगी। कैमरों और दूसरे निगरानी सिस्टम के जरिए रास्तों पर नजर रखी जाएगी। किसी जगह इमरजेंसी, एंबुलेंस की जरूरत या अचानक ट्रैफिक समस्या होने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने साफ किया है कि सभी रास्ते लगातार बंद नहीं रहेंगे। प्रतिबंध वीवीआईपी मूवमेंट के समय और जरूरत के मुताबिक ही लगाए जाएंगे। आम लोगों से अपील की गई है कि वे प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
मेट्रो सेवा पर रोक नहीं
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि ट्रैफिक प्रतिबंधों का मतलब यह नहीं है कि सामान्य आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। प्रभावित न होने वाले रास्तों पर सामान्य रूप से ट्रैफिक चलता रहेगा। मेट्रो सेवा पर भी सामान्य तौर पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। हालांकि, यात्रियों को संबंधित स्टेशनों और निकास की ताजा जानकारी पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
