स्पोर्ट्स

युकी भांबरी ने अमेरिकी जोड़ीदार के साथ जीता अल्माटी ओपन का पुरुष युगल खिताब

भारत के नंबर एक युगल खिलाड़ी युकी भांबरी ने अमेरिका जोड़ीदार रयान सेगरमैन के साथ मिलकर अल्माटी ओपन एटीपी 250 टेनिस टूर्नामेंट का पुरुष युगल का खिताब अपने नाम कर लिया।

Image

युकी भांबरी और रयान सेगरमैन (फोटो क्रेडिट @asian_tennis)

अल्माटी (कजाखस्तान): भारत के नंबर एक युगल खिलाड़ी युकी भांबरी ने अमेरिका के अपने जोड़ीदार रयान सेगरमैन के साथ मिलकर रविवार को अल्माटी ओपन एटीपी 250 टेनिस टूर्नामेंट में पुरुष युगल का खिताब जीता। भारत और अमेरिका की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने ऑस्ट्रिया के लुकास मीडलर और नील ओबरलीट्नर की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी को एक रोमांचक फाइनल में 7-6(3), 6-7(1), 10-2 से हराया। भांबरी का यह वर्ष 2026 का पहला एटीपी टूर खिताब है। यह एटीपी टूर पर उनका करियर का कुल पांचवा युगल खिताब है। भांबरी ने इससे पहले 2023 में मालोर्का में, 2024 में गस्टाड और म्यूनिख में और 2025 में एटीपी 500 दुबई टूर्नामेंट में एटीपी 250 खिताब जीते थे।

न्यूजीलैंड के अपने साथी माइकल वीनस के साथ एटीपी 250 जिनेवा ओपन में उपविजेता रहने के बाद 34 वर्षीय भांबरी का एटीपी टूर्नामेंट में यह इस सत्र का दूसरा फाइनल था। युकी ने पीटीआई से कहा,'मैं इस साल लगातार अपने खेल में सुधार कर रहा हूं। हालांकि, नतीजे उतने अच्छे नहीं रहे, जितनी मुझे उम्मीद थी। पिछले कुछ महीनों में भी मैं कई करीबी मुकाबले हार गया। इस सप्ताह यही अंतर रहा। मेरे जोड़ीदार रयान और मैंने इस टूर्नामेंट में बहुत अच्छी सर्विस की और अंक जीतने के कई मौके बनाए। टूर्नामेंट जीतने के लिए अहम पलों में और दबाव की स्थिति में अच्छा खेलना जरूरी होता है और इस सप्ताह हम ऐसा करने में सफल रहे।'

यह इस सत्र में युकी का दूसरा एटीपी फाइनल था। इससे पहले वह न्यूजीलैंड के खिलाड़ी माइकल वीनस के साथ जोड़ी बनाकर एटीपी 250 जिनेवा ओपन के फाइनल में पहुंचे थे, जहां उन्हें उपविजेता रहकर संतोष करना पड़ा था। भांबरी फरवरी में अपने करियर की सर्वोच्च रैंकिंग 18 पर पहुंचे थे लेकिन इसके बाद उनका प्रदर्शन अनुकूल नहीं रहा जिससे वह शीर्ष 40 से बाहर हो गए। इस वर्ष उन्होंने स्वीडन के आंद्रे गोरान्सन के साथ ऑस्ट्रेलियाई ओपन के पुरुष युगल के तीसरे दौर में जगह बनाई, लेकिन फ्रेंच ओपन में वह दूसरे दौर में हार गए थे। उन्हें विंबलडन और अमेरिकी ओपन में पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा, जहां उन्होंने माइकल वीनस के साथ जोड़ी बनाई थी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article