शहर

Jaipur Civic Polls: 150 वार्डों में वोटिंग कल, 24 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे 723 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

Civic Polls Jaipur News: जयपुर नगर निगम के कुल 150 वार्डों में शुक्रवार 11 सितंबर को मतदान होगा। कल शहर के 24.33 लाख से ज्यादा मतदाता कुल 723 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे।

Image

जयपुर में कल 150 वार्डों के लिए होगा मतदान

Civic Polls Jaipur News: जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए कल यानी शुक्रवार 11 सितंबर को मतदान होगा। 150 वार्डों के लिए 723 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 24 लाख, 33 हजार, 121 मतदाता करेंगे। मतदान (Jaipur Civic Polls) के लिए जिला निर्वाचन शाखा ने 2256 पोलिंग स्टेशन बनाए हैं। सोमवार 14 सितंबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

21 सितंबर को होगा मेयर का चुनाव

14 सितंबर को चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद 21 सितंबर को मेयर पद और 22 सितंबर को डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव होगा। ऐसे में कल यानी शुक्रवार को होने वाली वोटिंग जयपुर नगर निगम की नई तस्वीर तय करने की दिशा में अहम चरण होगा।

भाजपा-कांग्रेस के 149-149 प्रत्याशी

जयपुर नगर निगम के कुल 150 वार्डों में प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस ने बराबर 149-149 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। जबकि बाकी 425 उम्मीदवार निर्दलीय या अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय दलों के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

जयपुर नगर निगम के चुनाव में इस बार कई वार्डों में बेहद रोचक मुकाबले होने की उम्मीद जतायी जा रही है। कुछ सीटें तो ऐसी हां जहां सीधे दो उम्मीदवार के बीच मुकाबला है, जबकि कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय देखने को मिलेगा।

17 वार्डों में सीधी टक्कर, सिर्फ दो प्रत्याशी

जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 41, 42, 45, 49, 52, 53, 60, 83, 90, 91, 94, 122, 123, 129, 131, 142 और 150 में सिर्फ दो-दो प्रत्याशी ही चुनावी मैदान में हैं। इन वार्डों में जीत-हार का अंतर ज्यादा हो सकती है और उम्मीद है कि मतदाता भी सिर्फ दो उम्मीदवार होने के चलते आसानी से फैसला ले पाएंगे।

35 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला

निगम के 35 वार्ड ऐसे हैं जहां मुकाबला त्रिकोणीय है, क्योंकि सिर्फ तीन-तीन उम्मीदवार ही मैदान में हैं। सबसे ज्यादा उम्मीदवारों की बात करें तो वह वार्ड नंबर 62 में हैं। यहां कुल 13 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

11.71 लाख महिला मतदाता

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में कुल 24 लाख, 33 हजार, 121 मतदाता हैं। इनमें से 12 लाख,61 हजार, 380 पुरुष मतदाता हैं, जबकि 11 लाख,71 हजार, 649 महिला वोटर हैं। इनके अलावा कुल 92 थर्ड जेंडर मतदाता भी कल वोट डालेंगे।

शुक्रवार को होने वाले मतदान को लेकर निर्वाचन विभाग ने पोलिंग स्टेशनों पर जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। कल दिनभर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे और फिर सभी को 14 सितंबर का इंतजार रहेगा, जब चुनावी के नतीजे घोषित होंगे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article