दिल्ली : शालीमार बाग क्षेत्र में शनिवार को एक नाबालिग की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यदि इस क्षेत्र में सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण नहीं होते, तो यातायात सुचारु रहता और इस तरह की दुर्घटनाओं तथा जान-माल के नुकसान की संभावना कम हो जाती। लगभग दो महीने पहले भी इसी इलाके में एक पांच वर्षीय बच्ची की तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई थी, जो इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है।
शालीमार बाग पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम दो नाबालिग एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर उस इलाके से गुजर रहे थे, जहां नाले और सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण किए गए हैं। हाल ही में दिल्ली उच्च न्यायालय ने भी इन अतिक्रमणों को हटाने के आदेश दिए हैं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक टेम्पो ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने हैदरपुर के अंबेडकर नगर निवासी मृतक के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यदि सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं होते, तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी। उन्होंने कहा कि ये अतिक्रमण पिछली सरकार के कार्यकाल में सरकारी जमीन पर किए गए थे, जिसके कारण लंबे समय से यातायात बाधित हो रहा है और लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में दिल्ली उच्च न्यायालय ने इस क्षेत्र की रोड नंबर 320 पर स्थित 140 से अधिक अवैध इकाइयों को हटाने के निर्देश दिए हैं। यहां दिल्ली सरकार द्वारा एक प्रमुख अंडरपास का निर्माण भी किया गया है, जिसके माध्यम से आजादपुर से आने वाला यातायात इस सड़क और अंडरपास से होते हुए सीधे मुकर्बा चौक के पास आउटर रिंग रोड तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में दो प्रमुख अस्पताल, कई शैक्षणिक संस्थान और पुलिस प्रतिष्ठान स्थित हैं, जिसके कारण यहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। अवैध अतिक्रमणों के चलते न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भी लंबे समय से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर दिल्ली सरकार ने दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिसके आधार पर अवैध निर्माण हटाने का आदेश पारित किया गया। उन्होंने कहा कि जैसे ही ये अतिक्रमण हटाए जाएंगे, उत्तर दिल्ली से आने वाला यातायात अधिक सुचारु हो जाएगा और वाहन रिंग रोड से सीधे आउटर रिंग रोड तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
