शहर

Chandigarh News: चंडीगढ़ के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन जारी

चंडीगढ़ के कई स्कूलों में बम की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। एहतियातन स्कूल परिसरों से छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जिसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि अब तक कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Chandigarh School Bomb Threat: चंडीगढ़ के कई स्कूलों को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी का ईमेल मिला। जिससे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गई। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसर को खाली कराया गया और छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने स्कूल परिसरों में गहन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि अभी तक कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है। चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

पांच स्कूलों को मिली धमकी

पुलिस ने बताया कि स्कूल प्रबंधनों द्वारा घटना की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मी कई स्कूल के परिसर में पहुंचे। पुलिस के मुताबिक शैक्षणिक संस्थानों की गहन तलाशी ली जा रही है। पुलिस ने कहा कि निजी स्कूल सहित कम से कम पांच स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले हैं। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के लिए बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीम को विभिन्न स्कूल परिसर में तैनात किया गया है।

स्कूल के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा

पुलिस के अनुसार, स्कूल परिसरों से छात्रों और स्कूल कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद वहां आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चंडीगढ़ के अलावा आज गुरुग्राम के 6 निजी स्कूलों में भी धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ है। जिसके बाद सभी स्कूल परिसरों में गहन तलाशी अभियान चलाया गया। लेकिन अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं बरामद हुआ है। हालांकि पुलिस ने स्कूल के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह घटना पंजाब के अमृतसर, जालंधर और पटियाला तथा हरियाणा के अंबाला में हाल ही में हुई इसी तरह की घटनाओं के बाद हुई है। उन मामलों में भी स्कूलों को इसी प्रकार की धमकियां मिली थीं जो जांच के बाद अफवाह साबित हुईं।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article