शहर

हुस्न का जाल, झूठे केस का डर और लाखों की वसूली…बिजनौर में हनी ट्रैप गैंग ने ऐसे बनाया लोगों को अपना शिकार; 7 गिरफ्तार

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में हनी ट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर उनसे लाखों रुपये ऐंठने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह में महिलाएं और युवतियां भी शामिल थीं, जो लोगों को गंभीर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर रकम वसूलती थीं।

Image

बिजनौर में हनी ट्रैप गैंग का बड़ा खुलासा (प्रतीकात्मक फोटो)

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर उनसे लाखों रुपये वसूलने वाले एक गिरोह के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह पिछले कई सालों से सक्रिय था और खास तौर पर ऐसे लोगों को निशाना बनाता था, जिनसे झूठे और गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने का डर दिखाकर बड़ी रकम ऐंठी जा सके। मामले में अब तक गिरोह से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि पुलिस को कुछ अन्य संदिग्धों की तलाश है।

बब्बू लंगड़ा के गिरोह में महिलाएं और युवतियां भी शामिल

पुलिस जांच में सामने आया है कि बिजनौर निवासी मास्टरमाइंड बब्बू लंगड़ा के गिरोह में महिलाएं और युवतियां भी शामिल थीं। आरोप है कि गिरोह के सदस्य पहले अपने जाल में लोगों को फंसाते और इसके बाद उन्हें गैंगरेप जैसे गंभीर मामले में फंसाने की धमकी देते थे। इस डर का फायदा उठाकर आरोपियों द्वारा पीड़ितों से मोटी रकम की मांग की जाती थी। रकम मिलने के बाद गिरोह अगला शिकार तलाशने में जुट जाता था।

दो सदस्यों को किया गया गिरफ्तार

कुछ दिन पहले बिजनौर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों आसिफ और दिलशाद को भी गिरफ्तार किया है। दोनों बिजनौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह ने बिजनौर और अमरोहा में 12 से अधिक लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने की कोशिश की।

एक लाख रुपये से लेकर तीन लाख रुपये तक की वसूली

आरोप है कि अलग-अलग मामलों में लोगों से करीब एक लाख रुपये से लेकर तीन लाख रुपये तक की रकम वसूली गई। एडिशनल एसपी गौतम रॉय ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में कुछ और नाम सामने आ सकते हैं और उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article