शहर

Samastipur News: लड़की से बदसलूकी के आरोपी के घर चला बुलडोजर, 72 घंटे का अल्टीमेटम खत्म होते ही अवैध निर्माण जमींदोज

Samastipur Bulldozer Action: बिहार के समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर में लड़की से छेड़खानी के आरोपी विकास कुमार शर्मा के घर पर प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। आरोपी पर सरकारी जमीन पर अवैध रूप से मकान बनाने का आरोप था।

Image

जगतसिंहपुर में भारी पुलिस बल के साथ पहुंचा बुलडोजर

Photo : Times Now Digital

Samastipur Bulldozer Action: बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराध और मनचलों के खिलाफ प्रशासन का कड़ा रुख देखने को मिला है। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में एक लड़की से कथित छेड़खानी और बदसलूकी के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास कुमार शर्मा के घर पर बुलडोजर चला दिया। प्रशासन की इस अचानक हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल है।

पूरा मामला जगतसिंहपुर का है, जहां लड़की से बदसलूकी की घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त था। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी विकास कुमार शर्मा का मकान सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करके बनाया गया था। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए 24 से 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था। जैसे ही तय समयसीमा खत्म हुई, प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई और अवैध निर्माण को बुलडोजर से ढहा दिया।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के थे कड़े इंतजाम

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े। इस दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि इस मामले में यह कोई पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले भी घटना से जुड़े अन्य आरोपियों राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान द्वारा किए गए अवैध निर्माणों पर प्रशासन का बुलडोजर चल चुका है।

बुलडोजर कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने क्या कहा?

विकास कुमार शर्मा के घर पर हुई इस कार्रवाई के बाद से जगतसिंहपुर का यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से असामाजिक तत्वों और मनचलों के बीच कानून का खौफ पैदा होगा और महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकेंगी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article