शहर

बिहार में सियासी हलचल : भाजपा एमएलसी देवेश कुमार ने दिया इस्तीफा, मंत्री दीपक प्रकाश के लिए साफ हुआ रास्ता

सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद बिहार में सियासी हलचल तेज। भाजपा एमएलसी देवेश कुमार ने इस्तीफा दिया, जिससे मंत्री दीपक प्रकाश के लिए विधान परिषद जाने का रास्ता साफ हो गया।

Image

भाजपा एमएलसी देवेश कुमार का इस्तीफा

पटना : बिहार की सियासत में शुक्रवार को एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जहां एनडीए में भाजपा के एमएलसी देवेश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है। देवेश कुमार ने आज विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस इस्तीफे को बिहार सरकार में आरएलएम (RLM) कोटे से मंत्री दीपक प्रकाश के लिए एक बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।

क्या है पूरा मामला?

बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश के मंत्री पद पर बने रहने को लेकर कानूनी संकट खड़ा हो गया था। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति जो सदन (विधानसभा या विधान परिषद) का सदस्य नहीं है, वह अधिकतम 6 महीने तक ही मंत्री पद पर बना रह सकता है। दीपक प्रकाश इस अवधि को पूरा करने के करीब थे और इसको लेकर हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने भी बिहार सरकार से कड़ी टिप्पणी की थी।

सुप्रीम कोर्ट की थी सख्त टिप्पणी

गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एक याचिका पर सुनवाई करते हुए सीजेआई सूर्यकांत ने बिहार सरकार से स्पष्टीकरण मांगा था। कोर्ट ने सरकार से पूछा था कि, "बिना किसी सदन का सदस्य बने 6 महीने से अधिक समय तक कोई व्यक्ति मंत्री पद पर कैसे बना रह सकता है?" कोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सुनवाई के लिए 27 अगस्त की तारीख तय की थी।

देवेश कुमार मार्च 2021 में राज्यपाल मनोनीत कोटे से एमएलसी बने थे और उनका कार्यकाल मार्च 2027 में पूरा होना था। देवेश कुमार के इस इस्तीफे के बाद अब वह सीट खाली हो गई है। माना जा रहा है कि सरकार अब इस खाली सीट से मंत्री दीपक प्रकाश को विधान परिषद भेजने की तैयारी करेगी, जिससे उनकी मंत्री पद की सदस्यता पर मंडरा रहा कानूनी खतरा टल जाएगा और वे संवैधानिक रूप से अपनी जिम्मेदारी निभा सकेंगे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article