शहर

पेपर लीक से पुलिसिया दमन तक... तेजस्वी यादव ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, 19 अगस्त को राजभवन मार्च का ऐलान

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दिल्ली से पटना लौटते ही राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। लगातार हो रहे पेपर लीक, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने 19 अगस्त को राजभवन मार्च का बड़ा ऐलान किया है।

Image

पटना में तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा (फाइल फोटो)

Photo : ANI

बिहार में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। दिल्ली से पटना पहुंचे बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने साफ कहा कि बिहार में ऐसी कोई भर्ती परीक्षा नहीं बची है, जिसका पेपर लीक न हुआ हो।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि राज्य के युवाओं को निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया का फायदा नहीं मिल पा रहा है। हर परीक्षा में धांधली की खबरें आती हैं और जब छात्र अपने हक के लिए आवाज उठाते हैं, तो उन पर लाठियां और गोलियां बरसाई जाती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि छात्रों पर गोली चलाने का आदेश देने वाले बड़े अधिकारियों पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई? सिर्फ एक छोटे सिपाही पर गाज गिराकर बड़े अफसरों को बचाया जा रहा है।

तेजस्वी यादव ने 19 अगस्त को विशाल 'राजभवन मार्च' का किया ऐलान

इसी के विरोध में तेजस्वी यादव ने 19 अगस्त को विशाल 'राजभवन मार्च' का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि इस मार्च में शिक्षक, अभ्यर्थी, कोचिंग संस्थानों के छात्र और राज्य के पीड़ित युवा बड़ी संख्या में शामिल होंगे। वे सब मिलकर राज्यपाल को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।

'किसानों-युवाओं को नक्सली कहना देश के सर्वोच्च पद की गरिमा के खिलाफ'

इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'दिमागी नक्सली' वाले बयान पर भी कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों की मांग करने वाले किसानों और युवाओं को नक्सली या आतंकवादी कहना देश के सर्वोच्च पद की गरिमा के खिलाफ है। नीट (NEET) पेपर लीक का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा कि सरकार यह गारंटी कब देगी कि भविष्य में कभी पेपर लीक नहीं होगा?

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article