शहर

'आटा-दाल-सब्जी-तेल की कीमतों से जनता त्रस्त...' तेजस्वी यादव का महंगाई और बेरोजगारी पर फूटा गुस्सा

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से माल ढुलाई महंगी हुई है, जिसका असर अधिकांश उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों पर पड़ा है।

Image

राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव (फाइल फोटो :PTI)

राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को महंगाई, बेरोजगारी और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र तथा बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार पर निशाना साधा।यादव ने जारी एक बयान में आरोप लगाया कि सरकार की लचर व्यवस्था और प्रशासनिक विफलता के कारण जमाखोरों व कालाबाजारी करने वालों के हौसले बुलंद हैं, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है।

उन्होंने कहा कि टमाटर, प्याज और आलू जैसी आवश्यक सब्जियों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।यादव ने दावा किया कि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से माल ढुलाई महंगी हुई है, जिसका असर अधिकांश उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों पर पड़ा है।

राजद नेता ने आरोप लगाया कि रसोई गैस दाल, आटा और खाद्य तेल जैसी आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।उन्होंने कहा कि बाजार में आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है बल्कि जमाखोरी और कालाबाजारी के कारण कृत्रिम अभाव पैदा किया जा रहा है।यादव ने आरोप लगाया कि प्रशासन ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाने में विफल रहा है।

'आर्थिक नीतियां आम लोगों के बजाय बड़े कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने वाली'

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बढ़ती बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है तथा सरकार की आर्थिक नीतियां आम लोगों के बजाय बड़े कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने वाली हैं।यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि देश गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है और इसके लिए केंद्री की नीतियां जिम्मेदार हैं।

'सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है'

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है और भ्रष्टाचार संस्थागत स्वरूप ले चुका है।राजद नेता ने कहा कि महंगाई और आर्थिक समस्याओं से परेशान जनता में सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इन मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक आंदोलन तेज करेगा।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article