Begusarai News: बिहार के बेगूसराय जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में एसटीएफ और जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। तेघड़ा थाना क्षेत्र के नोनपुर में हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी और मोस्ट वांटेड नक्सली दयानंद मालाकार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में ढेर हो गया। इस घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक मनीष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिलते ही एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने नोनपुर इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। उसी दौरान नक्सलियों ने अचानक पुलिस बल पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। एसपी के मुताबिक, पुलिस ने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत जवाबी फायरिंग की, जिसमें दयानंद मालाकार को गोली लग गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कई गंभीर मामले थे दर्ज
मुठभेड़ में मारे गए नक्सली की पहचान योगेंद्र मालाकार के 45 वर्षीय बेटे दयानंद मालाकार के रूप में हुई है। एसपी के अनुसार, दयानंद पर नक्सली घटनाओं में शामिल रहने के साथ-साथ आर्म्स एक्ट और कई गंभीर मामलों के मामले दर्ज थे। लंबे समय से वह सुरक्षा एजेंसियों की नजर में था और हिट-लिस्ट में उसका नाम शामिल था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस छावनी में बदला इलाका
एनकाउंटर के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और इलाका पूरी तरह पुलिस छावनी में बदल गया है। घटनास्थल से हथियारों के साथ कई संदिग्ध सामान बरामद होने की बात सामने आ रही है। किसी अन्य नक्सली के छिपे होने की संभावना को देखते हुए पुलिस द्वारा व्यापक सर्च अभियान जारी है। इस अभियान का नेतृत्व खुद पुलिस अधीक्षक मनीष कर रहे हैं। मुठभेड़ की खबर मिलते ही वह तुरंत स्थल पर पहुंचे और स्थिति की निगरानी की। डीएसपी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं
सुरक्षाबलों के लिए बड़ी उपलब्धि
एसटीएफ और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए नक्सली दयानंद मालाकार के शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय के सदर अस्पताल भेजा गया है। अस्पताल परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और पूरे मामले पर पुलिस की कड़ी निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, और इससे जिले में नक्सली गतिविधियों पर करारा झटका लगा है।
