Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर सरेआम गोलीबारी की घटना सामने आई है। मामला शहर के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां भूपतिपुर स्थित ज्योतिष बाबा रोड पर बेखौफ बदमाशों ने बीच सड़क पर एक युवक को कई गोलियां मारीं। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना में घायल युवक की पहचान शुभम यादव के रूप में हुई है। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल शुभम को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात
घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि शुभम यादव अपने घर के बाहर सड़क किनारे मोबाइल से किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात अपराधियों ने शुभम पर बेहद नजदीक से 4 गोलियां मारीं। शुभम को संभलने का मौका भी नहीं मिला और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। जिसके बाद लोग मदद के लिए भागते हुए आए। शुभम फिलहाल गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पाकर रामकृष्ण नगर थाने की पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। प्राथमिक जांच में घटना का CCTV फुटेज कब्जे में ले लिया गया है। अपराधियों के भागने के रूट को ट्रैक करने के लिए आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी स्कैनिंग की जा रही है। पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है और दावा कर रही है कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
