बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने राजनीति छोड़ने की घोषणा कर दी है। अनंत सिंह मोकामा से विधायक हैं और चुनाव के समय ही एक सवाल के जवाब में कहा था कि अगर नीतीश कुमार सीएम नहीं रहेंगे तो वो भी विधायक नहीं रहेंगे। अनंत सिंह ने ऐलान किया है कि उनका बेटा अब राजनीति में आएगा। अनंत सिंह की पत्नी भी मोकामा से विधायक रह चुकी हैं। अनंत सिंह ने यह घोषणा तब कि जब वो राज्यसभा चुनाव के लिए जेल से वोट डालने पहुंचे थे।
जेल से बाहर आने के बाद करेंगे जनता से मुलाकात
बिहार की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे पूर्व विधायक अनंत सिंह ने राजनीति से दूरी बनाने की घोषणा कर दी है। उन्होंने साफ कहा है कि अब वह राजनीति नहीं करेंगे और भविष्य में कोई चुनाव भी नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगले एक से दो महीने के भीतर वह फिर से अपने क्षेत्र की जनता के बीच जाएंगे और उनसे मुलाकात करेंगे। अनंत सिंह ने यह भी कहा कि बिहार में अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह उन्हें नहीं पता। उनके मुताबिक चाहे मुख्यमंत्री बीजेपी से बने या किसी अन्य दल से, उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है।
एक नजर में बिहार राज्यसभा चुनाव
बिहार की पांच राज्यसभा सीट के लिए सोमवार सुबह मतदान शुरू हो गया। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पांच और विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का एक उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार विधानसभा परिसर में मतदान सुबह नौ बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करना शुरू कर दिया है। मतगणना शाम पांच बजे के बाद शुरू होगी और परिणाम आज ही घोषित होने की उम्मीद है। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रमुख नीतीश कुमार तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राजग के उम्मीदवारों में शामिल हैं। सत्ताधारी गठबंधन के अन्य तीन उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री राम नाथ ठाकुर, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा (दोनों राज्यसभा के मौजूदा सदस्य) और भाजपा के शिवेश कुमार शामिल हैं। राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से यह चुनाव भले ही संख्या बल के कारण काफी हद तक एकतरफा दिखाई दे रहा हो, लेकिन पांचवीं सीट को लेकर मुकाबला दिलचस्प बन गया है।
