शहर

बिहार का मौसम (5 Feb 2026) Bihar Weather Today: मौसम का अजब रंग, कहीं पंखे चले तो कहीं ठिठुरन बढ़ी; जानें अगले 3 दिन कैसा रहेगा हाल

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 5 Feb 2026: बिहार में फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम लगातार बदलता नजर आ रहा है। राज्य के 12 जिलों में गुरुवार को घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। सुबह और देर शाम धुंध के कारण दृश्यता काफी कम रह सकती है, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आइए जानते हैं बिहार के मौसम का हाल।

Image

बिहार में बढ़ने लगी गर्मी तो कहीं सर्दी बरकरार

Photo : Times Now Digital

बिहार में आज का मौसम (5 Feb 2026): मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार, अगले तीन दिनों के भीतर बिहार समेत पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आ सकती है। वर्तमान में भागलपुर और सबौर 9 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य के सबसे ठंडे इलाके बने हुए हैं। आने वाले दो दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में कमी आएगी, जिससे रात और सुबह के समय ठंड का असर फिर से तेज होने की संभावना है।

कोहरे का 'येलो अलर्ट'

आज भी बिहार के 12 जिलों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और नमी के कारण उत्तर बिहार के सीमावर्ती जिलों में दृश्यता (विजिबिलिटी) 50 से 100 मीटर तक सिमट सकती है। गया में बुधवार को सबसे कम विजिबिलिटी रिकॉर्ड की गई। पश्चिम चंपारण से लेकर औरंगाबाद तक के इलाकों में सुबह के समय धुंध का असर ज्यादा रहेगा, हालांकि 6 फरवरी के बाद आसमान साफ होने की उम्मीद है।

कैमूर में गर्मी तो वाल्मीकिनगर में ठंड

बिहार के अलग-अलग हिस्सों में तापमान का अंतर हैरान करने वाला है। कैमूर में ठंड की विदाई शुरू हो चुकी है, यहां के लोगों ने घरों में पंखे चलाना शुरू कर दिया है। यहां का न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके उलट, वाल्मीकिनगर में बुधवार को पारा अचानक 5.8 डिग्री तक लुढ़क गया, जिससे दिन में भी ठिठुरन महसूस हुई। वहीं, मोतिहारी 27.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला बना हुआ है।

कपड़ों को लेकर असमंजस में आम जनता

फरवरी की धूप इतनी तेज है कि स्वेटर पहनने पर पसीना आता है और उतारते ही ठंडी हवाएं परेशान करती हैं। पटना और आसपास के इलाकों में दिन में धूप के कारण राहत है, लेकिन सुबह-शाम की ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़ों के साथ रहने पर मजबूर कर रखा है। फिलहाल कोई नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, इसलिए बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन ठंडी हवाओं का दौर 11 फरवरी तक जारी रह सकता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article