बिहार में आज का मौसम (18 Jan 2026): बिहार में ठंड के साथ घने कोहरे का प्रकोप छाया हुआ है। आज सुबह राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा देखने को मिला। जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। जिस कारण आवाजाही में लोगों को काफी परेशानी हुई। प्रदेश में ठंड और सर्द हवाओं का सिलसिला भी लगातार जारी है। हालांकि अभी दिन में धूप निकलने के कारण थोड़ी राहत बनी हुई है। लेकिन सुबह-शाम तेज ठंड का एहसास हो रहा है। आने वाले दिनों में बिहार में ठंड में और बढ़ोत्तरी हो सकती है। साथ ही शीतलहर चलने की भी संभावना है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। रविवार को 18 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिनमें गोपालगंज, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, रोहतास, बक्सर, कैमूर, अरवल और औरंगाबाद शामिल हैं। बिहार में आज अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस की बीच रहने की संभावना है।
बिहार में 4 दिन घने कोहरे का प्रकोप
IMD के अनुसार बिहार में फिलहाल उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएं बह रही हैं। इसके अलावा वातावरण में नमी अधिक बनी हुई है। जिस कारण रात के समय तापमान में गिरावट हो रही है, साथ ही घना कोहरा भी छा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ जब तक कमजोर नहीं होगा, तब तक राज्य में कोहरे और रात की ठंड का प्रभाव बना रहेगा। बिहार में अगले चार दिन घना कोहरा छाया रह सकती है। वहीं 20-21 जनवरी के बाद फिर से ठंड बढ़ने की संभावना है।
भागलपुर रहा बिहार का सबसे ठंडा जिला
बिहार में शनिवार को सबसे ठंडा क्षेत्र भागलपुर का सबौर रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में राज्य के 15 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। बिहार की राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के करीब बना हुआ है। सुबह के समय यहां मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि दिन में धूप निकल रही है। जिससे ठंड से राहत दिन में मिल रही है। आज भी ऐसा ही मौसम बना रहा सकता है।
