शहर

बिहार का मौसम (11 Jan 2026) Bihar Weather Today: कड़ाके की ठंड से कांपा बिहार, आज भी कई जिलों में Cold Day; जानें आज कहां आया अलर्ट

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 11 Jan 2026: जनवरी के दूसरे सप्ताह में भी बिहार भीषण ठंड की गिरफ्त से बाहर नहीं निकल पाया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे, शीत दिवस और गिरते तापमान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि कई जिलों में न्यूनतम तापमान पहाड़ी इलाकों से भी नीचे चला गया है, जबकि ठंडी पछुआ हवाओं और कम धूप के कारण दिन में भी कंपकंपी महसूस की जा रही है। आइए जानते हैं बिहार में मौसम का हाल।

Image

बिहार के कई जिलों में आज भी कोल्ड डे का अलर्ट (सांकेतिक चित्र)

Photo : Times Now Digital

बिहार में आज का मौसम (11 Jan 2026): शनिवार को राजधानी पटना सहित पूरे राज्य में सुबह की शुरुआत घने कोहरे और तेज सिहरन के साथ हुई। कई जिलों में विजिबिलिटी बेहद कम रही, जिससे सड़कों पर आवाजाही मुश्किल रही। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन ठंड का असर बरकरार रहेगा। इस दौरान उत्तर और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई इलाकों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रह सकती है। मध्यम से घना कोहरा सुबह के समय परेशानी बढ़ाएगा।

तापमान में उतार-चढ़ाव के संकेत

पूर्वानुमान बताता है कि अगले 48 घंटों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर गिरावट देखने को मिलेगी। न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है, जिससे रातें और सुबह बेहद सर्द बनी रहेंगी। पिछले 24 घंटों में पूर्णिया, छपरा, दरभंगा, अररिया, मधेपुरा, वैशाली, सहरसा और मुंगेर जैसे जिलों में भीषण शीत दिवस दर्ज किया गया। पटना और भागलपुर के कुछ हिस्सों में भी दिनभर ठंड का असर बना रहा। कई जगहों पर सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा।

बिहार में आज कैसा है मौसम

इस बार बिहार की सर्दी ने सबको चौंका दिया है। कल गया, औरंगाबाद और नालंदा जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री के बीच पहुंच गया, जो कई पहाड़ी शहरों से भी कम है। वहीं वाल्मीकि नगर में अधिकतम तापमान भी 11 डिग्री के आसपास ही दर्ज किया गया। आज भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, पश्चिम व पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बने रहने का अनुमान है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

ताजा आंकड़ों के अनुसार गया, औरंगाबाद, नालंदा, शेखपुरा, डेहरी और सबौर प्रदेश के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल हैं, जहां न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने 12 जनवरी से पूरे बिहार में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह स्थिति 14 जनवरी तक बनी रह सकती है। 15 जनवरी के बाद दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।

कब माना जाता है कोल्ड डे?

मैदानी इलाकों में जब न्यूनतम तापमान दस डिग्री से कम रहे और अधिकतम तापमान में भी सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ जाए तो उस दिन को कोल्ड डे यानी शीत दिवस के रूप में दर्ज किया जाता है। मैदानी इलाकों में जब भी न्यूनतम तापमान दस डिग्री से कम रहे साथ ही अधिकतम तापमान में भी यदि सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट देखी जाए तो उस दिन को सीवियर कोल्ड डे यानी गंभीर शीत दिवस के रूप में दर्ज किया जाता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!