Bihar EOU Raids: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। बिहार राज्य भवन निर्माण निगम के महाप्रबंधक (GM) कमलेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में EOU ने शिकंजा कसते हुए राज्यभर में छापेमारी शुरू कर दी है। उन पर अपनी ज्ञात आय से 103.30 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
विशेष निगरानी कोर्ट से सर्च वारंट मिलने के बाद EOU की टीमों ने वैशाली और पटना के 4 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है।आर्थिक अपराध इकाई की प्रारंभिक जांच में कमलेश कुमार के पास से 3 करोड़ 12 लाख 51 हजार रुपये की अवैध संपत्ति होने का खुलासा हुआ है।
इन चार ठिकानों पर तलाशी जारी
EOU थाने में 21 सितंबर को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत FIR दर्ज की गई है। जिसके बाद ईओयू ने पटना की विशेष निगरानी अदालत से कमलेश के ठिकानों की तलाशी के लिए सर्च वारंट प्राप्त किया। 22 सितंबर की सुबह चारों ठिकानों पर छापेमारी शुरू की गई। ईओयू की टीम तलाशी के लिए जंदाहा स्थित कमलेश के पैतृक आवास पर पहुंची। इसके अलावा पटना के एसकेपुरी और राजीव नगर स्थित आवासों पर भी छानबीन जारी है। इस मामले में बिहार राज्य भवन निर्माण निगम के कार्यालय पर भी छापेमारी की गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Muzaffarpur: स्कूल जा रही दो छात्राओं पर ब्लेड से हमला, बाइक सवार मौके से फरार, आरोपी की तलाश जारी
तलाशी की प्रक्रिया अभी भी जारी होने के कारण EOU की आधिकारिक टीम ने अभी इस पर पूरी जानकारी देने से इनकार किया है। लेकिन शुरुआती छानबीन में बड़े खुलासे सामने आए हैं। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने महाप्रबंधक के आवास से कई बैंकों के दस्तावेज और नगदी समेत कई महत्वपूर्ण कागजात बरामद किए हैं। इसके अलावा कुछ सोने के आभूषण भी मिले हैं। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद आर्थिक अपराध इकाई की ओर से इस पूरे मामले पर एक विस्तृत रिपोर्ट और आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।
